
उदित वाणी, रांची : मुख्यमंत्री श्री हेमन्त सोरेन से आज कांके रोड स्थित मुख्यमंत्री आवासीय कार्यालय में पलामू जिला बल के शहीद आरक्षी सुनील कुमार राम एवं संतन कुमार मेहता के परिजनों ने मुलाकात की. इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने दोनों परिवारों को स्टेट बैंक ऑफ इंडिया, पुलिस सैलरी पैकेज के अंतर्गत निर्गत 1 करोड़ 10 लाख-1 करोड़ 10 लाख रुपए की वित्तीय सहायता राशि का चेक सौंपा. सम्मान राशि सीधे परिजनों के बैंक खातों में जमा की गई. मौके पर वित्त मंत्री श्री राधा कृष्ण किशोर भी उपस्थित रहे.
मुख्यमंत्री ने शहीद जवानों के परिजनों से आत्मीय बातचीत करते हुए आश्वासन दिया कि राज्य सरकार सदैव उनके साथ खड़ी है. उन्होंने कहा कि शहीद आरक्षियों ने राज्यवासियों की सेवा करते हुए सर्वोच्च बलिदान दिया है, जिसे कभी भुलाया नहीं जा सकता. झारखंड हमेशा अपने शहीदों का ऋणी रहेगा.

मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि राज्य सरकार शहीद पुलिस कर्मियों के बच्चों के लिए रांची में एक आवासीय विद्यालय निर्माण करेगी, जहां निजी विद्यालयों की तर्ज पर नि:शुल्क गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान की जाएगी. इसके लिए झारखंड जगुआर में चार एकड़ भूमि चिन्हित कर ली गई है. विद्यालय का संचालन पुलिस विभाग द्वारा किया जाएगा. साथ ही पुलिस परिवारों के लिए अस्पताल निर्माण की योजना भी जल्द मूर्त रूप लेगी.
उन्होंने परिजनों से हिम्मत और धैर्य के साथ आगे बढ़ने की अपील की. मुख्यमंत्री ने निर्देश दिया कि शहीद परिवारों को मिलने वाले पेंशन एवं अन्य सेवांत लाभ शीघ्र उपलब्ध कराए जाएं. अधिकारियों ने अवगत कराया कि दोनों शहीदों की पत्नी स्नातक पास हैं और उन्हें पुलिस विभाग में क्लर्क की नौकरी दी जाएगी. उग्रवादी घटना में शहीद हुए पुलिस कर्मियों के लिए तय अतिरिक्त राशि को मिलाकर लगभग 2 करोड़ रुपए दोनों परिवारों को उपलब्ध कराए जाएंगे.
इस अवसर पर डीजीपी श्री अनुराग गुप्ता, पलामू एसपी श्रीमती रिष्मा रमेशन, भारतीय स्टेट बैंक के उप महाप्रबंधक रांची अंचल श्री मनोज कुमार, एजीएम श्रीमती रीना कुमारी, मुख्य प्रबंधक श्री विकास कुमार पांडेय सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे.

