
उदित वाणी रांची: मुख्यमंत्री श्री हेमंत सोरेन से शनिवार को कांके रोड स्थित मुख्यमंत्री आवासीय कार्यालय में बिरसा कृषि विश्वविद्यालय (बीएयू), रांची के कुलपति डॉ. एस.सी. दुबे ने शिष्टाचार मुलाकात की।
मुलाकात के दौरान कुलपति डॉ. दुबे ने मुख्यमंत्री को आगामी 14 से 16 मार्च 2026 तक बिरसा कृषि विश्वविद्यालय मैदान में आयोजित होने वाले किसान एग्रोटेक मेला के उद्घाटन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होने के लिए सादर आमंत्रित किया।
इस अवसर पर डॉ. दुबे ने मुख्यमंत्री को बिरसा कृषि विश्वविद्यालय, रांची की शैक्षणिक गतिविधियों, अनुसंधान कार्यों तथा कृषि क्षेत्र से जुड़ी अन्य महत्वपूर्ण पहल की भी जानकारी दी। मुख्यमंत्री ने विश्वविद्यालय द्वारा किसानों के हित में किए जा रहे प्रयासों की सराहना की।
किसान एग्रोटेक मेला में आधुनिक कृषि तकनीक, उन्नत बीज, कृषि उपकरण और किसानों के लिए उपयोगी नई तकनीकों का प्रदर्शन किया जाएगा, जिससे राज्य के किसानों को लाभ मिलेगा।

