
उदित वाणी, रांची : हेमंत सोरेन सरकार की पहली बर्षगांठ 28 नवंबर को मनाया जायेगा. इस अवसर पर मोरहाबादी मैदान में भव्य कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा. कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन लगभग 8 हजार 514 युवाओं के बीच नियुक्ति पत्र वितरित करेंगे. मंत्रिमंडल समन्वय विभाग द्वारा इस आशय का पत्र जारी कर दिया गया है. मुख्यमंत्री द्वारा सहायक आचार्य के सफल अभ्यर्थियों, डेंटल डॉक्टर, कीट पालक व अन्य पदों के लिए चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र सौंपा जाएगा.
इनमें 8 हजार सहायक आचार्य के अलावा उप समाहर्ता के 207, पुलिस उपाधीक्षक के 35, राज्य कर पदाधिकारी के 56, कारा अधीक्षक के दो, झारखंड शिक्षा सेवा श्रेणी-2 के 10, जिला समादेष्टा के एक, सहायक निबंधक के 8, श्रम अधीक्षक के 14, प्रोबेशन पदाधिकारी के 6, निरीक्षक उत्पाद के तीन, दंत चिकित्सा पदाधिकारी के 22 व कीटपालक के 150 अभ्यर्थियों के बीच नियुक्ति पत्र सौंपेंगे. कार्यक्रम की जिम्मेदारी मंत्रिमंडल समन्वय विभाग को दी गई है.
मुख्यसचिव अविनाश कुमार की अध्यक्षता में इस कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर आयोजित बैठक में विभिन्न विभागों के पदाधिकारियों को कई निर्देश दिए गए. कार्यक्रम के दौरान श्रम, नियोजन एवं प्रशिक्षण विभाग द्वारा आयोजित रोजगार मेला के माध्यम से विभिन्न कंपनियों में चयनित अभ्यर्थियों को काल लेटर भी दिया जा सकता है.
सहिया कार्यकर्ताओं को प्रोत्साहन राशि के रूप में मिलेंगे 5500 रुपये
इधर राज्य में राष्ट्रीय स्वास्थ्य अभियान के तहत कार्यरत सहिया को अप्रैल 2026 से प्रोत्साहन राशि के रूप में एकमुश्त साढ़े पांच हजार रुपये प्रतिमाह दिये जाने की घोषणा की गई है. इनके अलावा लाभुकों को विभिन्न कार्यक्रमों का लाभ पहुंचाने के बदले में भी निर्धारित राशि दी जायेगी. अभी सहिया को राष्ट्रीय स्वास्थ्य अभियान से दो हजार रुपये के अलावा झारखंड स्वास्थ्य प्रहरी योजना के तहत राज्य सरकार की ओर से दो हजार रुपये अतिरिक्त प्रोत्साहन राशि कुल चार हजार रुपये प्रतिमाह दिया जा रहा है.

