उदित वाणी, जमशेदपुर: आज झारखंड विधानसभा स्थित मुख्यमंत्री कक्ष में मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन से राज्य की महिला विधायकगणों ने मुलाकात की. इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने सभी महिला मंत्री और विधायकों को अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस की हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दी. मुख्यमंत्री ने कहा कि झारखंड विधानसभा में महिलाओं की उपस्थिति न केवल महत्वपूर्ण है, बल्कि इससे नारी शक्ति को भी बल मिलता है. चाहे सत्ता पक्ष हो या विपक्ष, सभी महिला विधायकगण सदन में महिलाओं की सुरक्षा, स्वावलंबन और सशक्तिकरण की आवाज हैं.
महिला शक्ति से होगा राज्य और समाज का सर्वांगीण विकास
मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि आधी आबादी की भागीदारी से ही देश, राज्य और समाज के सर्वांगीण विकास का मार्ग प्रशस्त होता है. महिलाओं के सशक्तिकरण और उनके कल्याण के लिए राज्य सरकार पूरी तरह से प्रतिबद्ध है. इस दिशा में मुख्यमंत्री मईंया सम्मान योजना जैसी कई योजनाओं के माध्यम से आधी आबादी को सशक्त बनाया जा रहा है.
झारखंड की महिलाओं ने विभिन्न क्षेत्रों में हासिल कीं अद्वितीय उपलब्धियां
मुख्यमंत्री ने गर्व से कहा कि झारखंड की महिलाओं ने अपनी मेहनत और प्रतिभा से कई क्षेत्रों में विशिष्ट उपलब्धियां हासिल की हैं. उन्होंने आर्थिक, सामाजिक, राजनीतिक, शैक्षणिक, सांस्कृतिक और खेल के क्षेत्र में राज्य का मान बढ़ाया है. मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि आज महिलाएं हर क्षेत्र में एक नया मुकाम हासिल कर रही हैं और सरकार उनके विकास में हर संभव सहयोग देने के लिए तत्पर है.
महिला विधायकों का योगदान
इस मौके पर मंत्री दीपिका पांडेय, मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की, विधायक कल्पना सोरेन, विधायक डॉ. नीरा यादव, विधायक लुइस मरांडी, विधायक सविता महतो, विधायक रागिनी सिंह, विधायक ममता देवी, विधायक पूर्णिमा दास साहू, विधायक श्वेता सिंह और विधायक मंजू कुमारी उपस्थित थीं.
उदित वाणी टेलीग्राम पर भी उपलब्ध है। यहां क्लिक करके आप सब्सक्राइब कर सकते हैं।