
उदित वाणी, रांची : मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने केन्द्र सरकार को चुनौती देते हुए कहा कि देश की गद्यी छोड़कर वोटर का रिवीजन करा लें. दूध का दूध और पानी का पानी हो जायेगा. वहीं उन्होंने भाजपा और एनडीए पर तीखा हमला करते हुए कहा कि यदि वे जेल से बाहर रहते, तो लोकसभा चुनाव में झारखंड में भाजपा खाता भी नहीं खोल पाती. वोट अधिकार रैली को लेकर उन्होंने कहा कि यह संघर्ष किसी पार्टी का नहीं बल्कि संविधान और लोकतंत्र की रक्षा का है. मुख्यमंत्री पटना के गांधी मैदान में आयोजित कांग्रेस नेता राहुल गांधी की वोटर अधिकार यात्रा के समापन कार्यक्रम में बोल रहे थे. उन्होंने कहा कि वहीं जब वे जेल से बाहर आए और उनकी अगुवाई में झारखंड में विधानसभा चुनाव चुनाव हुआ, तो जनता ने अपना भरपूर आशीर्वाद दिया.
धनबल, ईडी, सीबीआई और इनकम टैक्स जैसे हथकंडों से डरनेवाले नहीं
भाजपा नेताओं को अब यह समझ लेना चाहिए कि जनता उनके धनबल, ईडी, सीबीआई और इनकम टैक्स जैसे हथकंडों से डरने वाली नहीं है. आदिवासी, दलित, किसान और पिछड़े वर्गों की आवाज को दबाने वाली भाजपा की साजिश अब बेनकाब हो चुकी है. यही कारण है कि भाजपा नेताओं को झूठे आरोप और शब्दों की तोड़मरोड़ कर सियासत करनी पड़ रही है. उन्होंने कहा कि यह जमावड़ा किसी पार्टी के लिए नहीं, बल्कि देश के संविधान को बचाने के लिए है. इस जमावड़े की वजह सबको मालूम है. राहुल गांधी को बड़ा भाई बताते हुए कहा कि इन्होंने वोट चोरी पर नजर गाड़ रखी थी. वोट चोरी करने वाला समूह पकड़ा जा चुका है. आज लोगों के सामने पर्दाफाश हो रहा है. हेमंत सोरेन ने बिहार विधानसभा चुनाव को पूरे देश को बचाने वाला चुनाव बताया. ये लोग तीसमार खां नहीं हैं. हम एकजुट हुए तो नहीं टिक पाएंगे.
पूर्ण बहुमत की हमारी सरकार जनकल्याणकारी योजनाओं को धरातल पर उतरकर जनभावनाओं के अनुरूप शासन कर रही है और यही बात विरोधी भाजपा को नहीं पच रही है. हमने अपनी सरकार में झारखंड में आधी आबादी को पलायन से रोक दिया. आने वाले समय में पुरुषों का प्रवासी मजदूर बनने का रास्ता रोकेंगे. हम कहते नहीं, करके दिखाते हैं. ये झूठे जुमले दिखाते हैं. नेता और सीएम खरीदते हैं. हमारी जमात डरने और बिकने वाली नहीं है. वहीं बाद में मुख्यमंत्री सोरेन ने पटना में बिहार की पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी के आवास पर राष्ट्रीय जनता दल अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव से मुलाकात की. इस दौरान उन्होंने लालू प्रसाद का हालचाल जाना और उनके स्वास्थ्य की जानकारी हासिल की.
