
उदित वाणी, रांची : मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने बिरसा मुंडा एयरपोर्ट से हिनू चौक और बिरसा चौक मार्ग का विकास महानगरों की तर्ज पर करने का निर्देश दिया है. जिसके तहत नगर विकास एवं आवास विभाग के मंत्री सुदिव्य कुमार ने संबंधित पांच योजनाओं के लिए 34 करोड़ 46 लाख 32 हजार 400 रुपये की मंजूरी दे दी है और नगर विकास एवं आवास विभाग के प्रधान सचिव सुनील कुमार ने जुडको को जल्द निविदा निकाल कर क्रियान्वयन शुरू करने का निर्देश दिया है. प्रधान सचिव कुमार ने कहा कि शहरी नियोजन के तहत राजधानी के एयरपोर्ट क्षेत्र का आधुनिकीकरण एवं सौंदर्यीकरण कराया जायेगा.
हवाई यात्रा कर आने वाले मेहमानों को अच्छी अनुभूति प्राप्त है. सुगम यातायात के लिए एयरपोर्ट से हिनू चौक तक सड़क सुदृढ़ीकरण को लेकर 10 करोड़ 42 लाख 27 हजार 100 रुपये, हार्ड एवं साफ्ट स्केप य हरियाली पूर्ण एवं प्रकाशयुक्त सजावट द्ध के लिए 14 करोड़ 64 लाख 78 हजार 800 रूपये तथा हिनू चौक से बिरसा चौक सड़क के सुदृढीकरण के लिए 7 करोड़ 50 लाख 73 हजार 200 रुपये, हार्ड एवं साफ्ट स्केप के लिए 9 करोड़ 03 लाख 38 हजार 800 रुपये और हिनू चौक के गोलंबर के विकास के लिए 3 करोड़ 42 लाख 46 हजार 600 रुपये की प्रशासनिक स्वीकृति दी गयी है.
वर्तमान मार्ग को यथासंभव 6 लेन बनाया जायेगा. सतह नवीनीकरण, फुटपाथ, साइक्लिंग पाथ, स्मार्ट स्ट्रीट लाइट, फ्लोरिंग पैनल, एलइडी लाइटिंग, जनजातीय कला संस्कृति पर आधारित दीवारों पर चित्रकारी, पत्थर की कला कृतियां, झारखंड की प्राचीन कला संस्कृति पर आधारित भव्य तोरणद्वार, लैंड स्केपिंग, डिजाइनदार पेड़ पौधे, पेयजल एवं प्रसाधन, खाली स्थान पर शौचालय, पार्क व पार्किंग की व्यवस्था सुनिश्चित की जायेगी. हिनू चौक में कर्पूरी ठाकुर की प्रतिमा का उन्नयन, खाली स्थानों पर झारखंड के स्वतंत्रता सेनानियों की मूर्तियां, वर्तमान के 12 मीटर के गोलंबर को 22 मीटर तक विस्तार, लैंड स्केपिंग, आधुनिक एलइडी लाइट, रंग बिरंगे लाइट व हरियाली के खूबसूरत पेड-पौधे के साथ आधुनिकीकरण किया जायेगा.
