
उदित वाणी,जादूगोड़ा : हरियाणा के गुरुग्राम में एक निर्माण स्थल पर हुए दर्दनाक हादसे में जादूगोड़ा क्षेत्र के चार युवकों की मौत हो गई। यह हादसा सिधरावली इलाके में Signature Global की निर्माणाधीन सोसायटी में मिट्टी धंसने से हुआ घटना के बाद जादूगोड़ा क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई है.
बनगोड़ा गांव के थे सभी मृतक
जानकारी के अनुसार, मृतकों में मंगल महतो (30 वर्ष), भगीरथ गोप (30 वर्ष), धनंजय महतो (40 वर्ष) और संजीव उर्फ दुलाल गोप शामिल हैं। सभी जादूगोड़ा थाना क्षेत्र के हाथीविन्दा पंचायत के वनगोड़ा गांव के रहने वाले थे।
वहीं, उसी गांव के दो अन्य युवक राकेश महतो और समीर महतो इस हादसे में बाल-बाल बच गए। बताया जाता है कि घटना के समय दोनों किसी अन्य काम में लगे हुए थे। हादसे की सूचना समीर महतो ने ही जादूगोड़ा में परिजनों को दी.
फरवरी में दलाल के जरिए गए थे हरियाणा
ग्रामीणों के अनुसार, वनगोड़ा गांव के छह युवक इस साल फरवरी में रोजगार की तलाश में एक दलाल के माध्यम से हरियाणा गए थे। सभी गुरुग्राम के कंस्ट्रक्शन साइट पर काम कर रहे थे। इससे पहले ये सभी Tata Motors में काम कर चुके थे, लेकिन बाद में रोजी-रोटी की तलाश में बाहर चले गए थे.
परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
मृतक भगीरथ गोप के परिवार में चार बेटियां और एक बेटा है—रेखा गोप (17), सुलेखा (16), राधिका (16), पायल गोप (11) और गौरव गोप (8)। वहीं मंगल महतो के परिवार में छह साल का बेटा तनिश है। हादसे की खबर मिलते ही मंगल महतो की पत्नी मधुलिता महतो निजी वाहन से हरियाणा के लिए रवाना हो गईं।
घटना के बाद से पूरे गांव और आसपास के इलाके में मातम पसरा हुआ है.
कंस्ट्रक्शन साइट पर मिट्टी धंसने से हुआ हादसा
प्रशासनिक जानकारी के अनुसार, यह दुर्घटना सोमवार शाम करीब सात बजे दिल्ली-जयपुर राष्ट्रीय राजमार्ग के पास सिधरावली क्षेत्र में हुई। निर्माण स्थल पर खुदाई के दौरान अचानक मिट्टी धंस गई, जिससे कई मजदूर दब गए।
इस हादसे में कुल सात मजदूरों की मौत हुई है, जिनमें से छह झारखंड के और एक राजस्थान का निवासी बताया जा रहा है। चार अन्य मजदूर घायल हुए हैं, जिन्हें इलाज के लिए भिवाड़ी के अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
कंपनी को जारी किया गया नोटिस
गुरुग्राम के सहायक आयुक्त अनिल शर्मा ने बताया कि हादसे के बाद सिग्नेचर ग्लोबल कंपनी को नोटिस जारी कर दिया गया है। प्रशासन की पहली प्राथमिकता मृतकों के शवों को परिजनों को सौंपना और उन्हें आर्थिक सहायता उपलब्ध कराना है।
पुलिस ने कंपनी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और घटना में लापरवाही के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की बात कही है। मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंपा जाएगा.

