
उदित वाणी, रांची : दवा दुकानदारों को अब अपनी दुकान में जीएसटी की दरें घटाने संबंधी पोस्टर लगाने होंगे. ताकि आम नागरिकों को जीएसटी की दरें घटने संबंधी जानकारी मिल सके और अधिक जीएसटी वसूल नहीं सके. इसको लेकर ड्रग कंट्रोलर ऑफ इंडिया डा राजीव सिंह रघुवंशी ने सभी केमिस्ट एंड ड्रगिस्ट एसोसिएशन को पत्र लिखकर भारत सरकार द्वारा जीएसटी की दरें घटाए जाने की जानकारी दी है.
साथ ही उन्होंने एसोसिएशन को अपने सभी सदस्यों [थोक एवं खुदरा दवा दुकानदारों] को इसे लेकर पोस्टर लगाने के निर्देश देने का अनुरोध किया है. ताकि जीएसटी घटने का लाभ मरीजों को मिल सके. उन्होंने पोस्टर के प्रारुप भी सभी एसोसिएशन को भेजा है. ड्रग कंट्रोलर आफ इंडिया ने केमिस्ट एंड ड्रगिस्ट एसोसिएशन से दवा दुकानों में लगाए जानेवाले पोस्टर की तस्वीर भी सेंट्रल ड्रग स्टैंडर्ड कंट्रोल आर्गेनाइजेशन को भेजने के निर्देश दिया है.
इससे पता चलेगा कि निर्देश का अनुपालन किया जा रहा है या नहीं. ज्ञात हो कि जिन दवाओं पर जीएसटी की दरें 18 व 12 प्रतिशत थी. उसे घटाकर पांच प्रतिशत किया गया है. वहीं जिन दवा पर पांच प्रतिशत जीएसटी दरें थी, उसमें यह दर शून्य की गई है. इधर झारखंड के राज्य औषधि नियंत्रक निदेशालय ने भी निर्धारित दर से अधिक जीएसटी वसूलनेवाले दवा दुकानदारों के विरुद्ध कार्रवाई के निर्देश दिया है. निदेशालय ने सभी औषधि निरीक्षकों को निरीक्षण के क्रम में इसकी भी जांच करने के निर्देश दिया है. सेंट्रल ड्रग स्टैंडर्ड कंट्रोल आर्गेनाइजेशन [सीडीएससीओ] सीडीएससीओ ने इसे लेकर 100 दिनों का अभियान चलाने के निर्देश दिया है.

