
उदित वाणी, जमशेदपुर: स्वदेशी जागरण मंच से संबद्ध स्वावलंबी झारखंड माइक्रोवेलफेयर डेवलपमेंट सेंटर द्वारा 13वां वार्षिक लघु ऋण वितरण समारोह 26 जुलाई को माईकल जॉन प्रेक्षागृह में आयोजित किया जाएगा. इस समारोह में झारखंड के महामहिम राज्यपाल संतोष गंगवार मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे.
समारोह में विशिष्ट अतिथि के रूप में जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय, जमशेदपुर पूर्वी की विधायक पूर्णिमा साहू और उद्यमी सह समाजसेवी एस.के. बेहरा भी मौजूद रहेंगे. कार्यक्रम के दौरान चयनित महिलाओं को लघु ऋण वितरित किए जाएंगे.
इस आयोजन की तैयारियों को लेकर सेंटर के बिष्टुपुर स्थित कार्यालय में एक बैठक आयोजित की गई. सेंटर के निदेशक अशोक गोयल और बंदेशंकर सिंह ने बताया कि समारोह को सफल बनाने के लिए सभी व्यवस्थाएं की जा रही हैं.
सेंटर के चेयरमैन मुरलीधर केडिया ने बताया कि संस्था की शुरुआत वर्ष 2012 में महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने और साहूकारों के कर्ज से मुक्त कराने के उद्देश्य से की गई थी. पहले चरण में 50 महिलाओं को लघु ऋण दिया गया था। अब तक 4000 से अधिक महिलाएं लाभान्वित हो चुकी हैं.
बैठक में स्वदेशी जागरण मंच के प्रांत प्रचार प्रमुख अमित मिश्रा, प्रांत युवा प्रमुख पंकज सिंह, जिला संयोजक राजपति देवी, सेंटर प्रभारी घनश्याम दास और मुकेश कुमार भी उपस्थित थे.

