
उदित वाणी, जमशेदपुर : मानगो क्षेत्र स्थित स्वर्णरेखा नदी के छोटा पुल पर उस समय अफरा-तफरी मच गई जब एक अज्ञात युवती ने गुरुवार सुबह करीब 8 बजे पुल से नदी में छलांग लगा दी. घटना को देख आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी. नदी में इस वक्त तेज बहाव है, जिससे युवती की तलाश में कठिनाई आ रही है. सूचना मिलते ही मानगो थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और तत्काल रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू कराया.
पुलिस ने घटनास्थल से युवती की जूती और नकाब बरामद की है, जिसे पहचान के लिए सुरक्षित रखा गया है. मानगो थाना के एसआई महेंद्र कुमार ने बताया कि प्रथम दृष्टया युवती मुस्लिम समुदाय से प्रतीत हो रही है, हालांकि उसकी पहचान की अभी पुष्टि नहीं हो सकी है.
रेस्क्यू अभियान के लिए स्थानीय मछुआरों की सहायता ली जा रही है. इसके अलावा गोताखोरों की टीम को भी मौके पर बुलाया गया है, जो नदी के विभिन्न हिस्सों में तलाशी अभियान चला रही है. लेकिन नदी का जलस्तर अधिक होने और बहाव तेज रहने के कारण तलाशी में कठिनाई हो रही है.
पुलिस आसपास के थानों में युवती की जानकारी साझा कर चुकी है और उसके परिजनों का पता लगाने की कोशिश की जा रही है. घटना को लेकर स्थानीय लोगों में आंशका और चिंता का माहौल है. प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक युवती काफी देर तक पुल के किनारे खड़ी थी, लेकिन किसी ने अंदाजा नहीं लगाया कि वह ऐसा कदम उठाएगी.
फिलहाल पुलिस युवती की पहचान के लिए आम जनता से सहयोग की अपील कर रही है. मानगो थाना की ओर से कहा गया है कि यदि किसी को युवती के बारे में कोई जानकारी हो, तो वे तत्काल पुलिस से संपर्क करें, ताकि उसकी पहचान कर परिजनों तक सूचना पहुंचाई जा सके.

