उदित वाणी, झारखंड : गिरिडीह के देवरी थाना क्षेत्र से लापता हुई बच्ची का शव देवघर (Deoghar) के कुंडा थाना क्षेत्र में बरामद हुआ। मुख्य आरोपी राजकुमार हाजरा समेत एक अन्य आरोपी अनिता देवी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। राजकुमार हाजरा के खिलाफ पहले से ही छह आपराधिक मामले दर्ज हैं।
नाबालिग बच्ची की हत्या के बाद शव देवघर में छिपाया
गिरिडीह पुलिस ने नाबालिग बच्ची की हत्या कर शव छिपाने के आरोप में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरिडीह पुलिस अधीक्षक डॉ. विमल कुमार ने बताया कि देवरी थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम चतरो तुरिया टोला की नाबालिग बच्ची के गुम होने की सूचना मिली थी। इस संबंध में देवरी थाना कांड संख्या 08/25, दिनांक 03 फरवरी 2025 को मामला दर्ज किया गया, जिसके आधार पर जांच शुरू की गई।
जांच के दौरान 03 फरवरी 2025 को देवघर जिला के कुंडा थाना क्षेत्र के चितोलोढिया गांव में एक बच्ची का शव बरामद हुआ। जांच के बाद पुष्टि हुई कि यह शव देवरी थाना क्षेत्र से लापता हुई बच्ची का ही था।
गुजरात के सूरत से मुख्य आरोपी गिरफ्तार
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए खोरीमहुआ अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में एक विशेष जांच टीम (SIT) का गठन किया गया। इसी दौरान पुलिस ने मुख्य आरोपी राजकुमार हाजरा को गुजरात के सूरत से गिरफ्तार किया। उसकी निशानदेही पर अनिता देवी को भी गिरफ्तार कर लिया गया।
राजकुमार हाजरा पर पहले से दर्ज हैं कई मामले
गिरफ्तार आरोपी राजकुमार हाजरा और अनिता देवी दोनों देवरी थाना क्षेत्र के निवासी हैं। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि राजकुमार हाजरा के खिलाफ पहले से ही देवरी थाना में छह आपराधिक मामले दर्ज हैं।
उदित वाणी टेलीग्राम पर भी उपलब्ध है। यहां क्लिक करके आप सब्सक्राइब कर सकते हैं।