
उदित वाणी, रांची : झामुमो प्रत्याशी सोमेश सोरेन व भाजपा प्रत्याशी बाबूलाल सोरेन दोनों ही 17 अक्टूबर को घाटशिला उपचुनाव को लेकर अपना-अपना नामांकन प्रप़त्र दाखिल करेंगे. सोमेश सोरेन के परचा दाखिल करने के अवसर पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन समेत सरकार के कई मंत्री और विधायक भी शामिल होंगे. मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन उसी दिन उपचुनाव के लिए प्रचार अभियान की भी शुरूआत करेंगे. इस अवसर पर झामुमो ने चुनावी सभा आयोजित करने की तैयारी की है. सोमेश के प़क्ष में घाटशिला के दाहीगोड़ा सर्कस मैदान में झामुमो की नामांकन सभा होगी. इस नामांकन सभा में सीएम हेमंत सोरेन शामिल होंगे. दोपहर लगभग 12.15 बजे सीएम घाटशिला पहुंचेंगे और नामांकन सभा के बाद झामुमो प्रत्याशी के नामांकन को लेकर सोमेश के साथ घाटशिला अनुमंडल कार्यालय भी जायेंगे.
बाबूलाल सोरेन के नामांकन में केन्द्रीय मंत्री समेत एनडीए के बड़े नेता होंगे शामिल
इधर भाजपा प्रत्याशी बाबूलाल सोरेन के नामांकन प्रपत्र दाखिल करने के अवसर पर केन्द्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान के शामिल होने की संभावना है. इनके अलावा इस अवसर पर प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सह नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी, जमशेदपुर के सांसद विद्युतवरण महतो, पार्टी के कार्यकारी अध्यक्ष आदित्य साहू, पूर्व मुख्यमंत्री चंपई सोरेन, अर्जुन मुंडा व रघुवर दास समेत भाजपा, जदयू व लोजपा के नेता भी शामिल होंगे.

