
उदित वाणी, जमशेदपुर : बर्मामाइंस थाना क्षेत्र स्थित एफसीआई गोदाम से सरकारी चावल की चोरी करते हुए बर्मामाइंस पुलिस ने एक आरोपी को रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया है। पकड़े गए आरोपी का नाम मोहम्मद तौशिक है, जो बर्मामाइंस के कैरेज कॉलोनी स्थित मुस्लिम बस्ती का निवासी है। वहीं इस चोरी की घटना में शामिल चार अन्य आरोपी पुलिस को चकमा देकर मौके से फरार हो गए। पुलिस ने उनकी पहचान कर ली है और गिरफ्तारी के लिए छापेमारी अभियान चला रही है।
पुलिस के मुताबिक घटना शुक्रवार शाम करीब 6 बजे की है। एफसीआई गोदाम से चावल की बोरियों को एक ट्रक पर लादा जा रहा था। इसी दौरान आरोपी चुपके से मौके पर पहुंचे और ट्रक से चावल की बोरी उतारकर ले जाने लगे। तभी किसी स्थानीय व्यक्ति ने चोरी की सूचना पुलिस को दे दी। बर्मामाइंस थाना प्रभारी के नेतृत्व में पुलिस टीम तुरंत घटनास्थल पर पहुंची और एक आरोपी मोहम्मद तौशिक को मौके से दबोच लिया। जबकि अन्य आरोपी पुलिस को देख भाग खड़े हुए।
फरार आरोपियों की पहचान अरमान बच्चा, नूर बच्चा, सिकंदर और सलाउद्दीन के रूप में हुई है, जो सभी बर्मामाइंस कैरेज कॉलोनी के मुस्लिम बस्ती के रहने वाले हैं। पुलिस ने इनकी धरपकड़ के लिए इलाके में दबिश देना शुरू कर दिया है।
पकड़े गए तौशिक से पूछताछ में पुलिस को चावल की चोरी से जुड़ी कई अहम जानकारियां मिली हैं। पुलिस को शक है कि यह संगठित गिरोह है जो सरकारी अनाज की चोरी में लिप्त है। मामले में एफसीआई प्रबंधन की ओर से लिखित शिकायत मिलते ही आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर कानूनी प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा रही है।
बर्मामाइंस थाना प्रभारी ने बताया कि सरकारी संपत्ति की चोरी गंभीर अपराध की श्रेणी में आता है। जल्द ही फरार आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा और मामले का खुलासा किया जाएगा।

