
उदित वाणी, रांची : प्रवर्तन निदेशालय [ईडी] ने एक बार फिर बड़ी कार्रवाई की. जांच एजेंसी द्वारा द्वारा कांग्रेस की बड़कागांव की पूर्व विधायक अंबा प्रसाद के भाई व पूर्व मंत्री योगेंद्र साव के पुत्र अंकित राज की लगभग तीन करोड़ की संपत्ति जब्त कर ली है. ईडी ने जब्त की गयी संपत्ति को अवैध तरीके से अर्जित हुआ माना और कहा कि अंकित राज ने तीन करोड़ की यह संपत्ति झारखंड में जारी बालू के अवैध धंधे से अर्जित की है. ज्ञात हो कि बड़कागांव व आसपास के क्षेत्रों में योगेंद्र साव के परिवार पर अरसे से कोयले और बालू के प्रत्यक्ष व अप्रत्यक्ष तरीके से अवैध कारोबार का आरोप लगता रहा है.
अंकित राज के अवैध कमाई की जानकारी मिलने के बाद ईडी ने पिछले साल मार्च और जुलाई में अंबा प्रसाद के हजारीबाग स्थित आवास व अन्य ठिकानों पर छापेमारी की थी तथा जांच एजेंसी ने अंबा प्रसाद व उनके पारिवारिक सदस्यों के विरुद्ध दर्ज लगभग 16 प्राथमिकियों को इसीआईआर के रूप में दर्ज करते हुए जांच शुरु की थी और उसके बाद कई ठिकानों में छापेमारी की गयी थी.छापेमारी के बाद 18 जुलाई को माइनिंग ऑफिस का सर्वे भी किया गया था.
जांच में पाया गया कि सोनपुर घाट का माइनिंग लाइसेंस 2019 में समाप्त हो गया था. इसके बावजूद अंकित राज द्वारा प्लांडू दामोदर नदी से अवैध तरीके से बालू निकाला जाता रहा. बालू के इस अवैध कारोबार से अंकित राज ने तीन करोड़ से अधिक की संपत्ति अर्जित की. इसके अलावा अंबा प्रसाद के पारिवारिक सदस्यों पर रंगदारी, जमीन पर अवैध कब्जा, कोयला कंपनियों को हड़काने जैसे कई अन्य आरोप भी लगते रहे हैं.
