
उदित वाणी, रांची : मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी श्री के. रवि कुमार ने भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर 7 पंजीकृत गैर-मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों को कारण बताओ नोटिस जारी किया है. ये दल हैं– रांची के, झारखंड की क्रांतिकारी पार्टी, झारखंड पार्टी (सेक्युलर), लोक जन विकास मोर्चा, राष्ट्रीय देशज पार्टी, राष्ट्रीय संगाइल पार्टी, पूर्वी सिंहभूम की झारखंड पीपल्स पार्टी और चतरा की राष्ट्रीय जनक्रांति मोर्चा.
इन दलों को सूचित किया गया है कि वे अपने अस्तित्व और कामकाज का पक्ष शपथ पत्र और आवश्यक साक्ष्यों के साथ मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के समक्ष प्रस्तुत करें. यदि समय पर पक्ष नहीं प्रस्तुत किया गया तो माना जाएगा कि पार्टी का अस्तित्व समाप्त हो गया है और इसकी सूचना भारत निर्वाचन आयोग, नई दिल्ली को भेजी जाएगी.
कारण बताओ नोटिस इसलिए जारी किया गया है क्योंकि ये दल विगत तीन वित्तीय वर्षों (2021-22, 2022-23, 2023-24) का वार्षिक अंकेक्षित खाता आयोग को समय पर नहीं सौंप सके हैं. साथ ही विधानसभा और लोकसभा चुनाव के बाद निर्धारित अवधि में चुनाव व्यय विवरण प्रस्तुत नहीं किया गया, जो जन प्रतिनिधित्व अधिनियम, 1951 के प्रावधानों का उल्लंघन है.
संयुक्त निदेश के अनुसार, संबंधित दलों को 9 अक्टूबर 2025 तक लिखित पक्ष मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी कार्यालय, झारखंड, रांची भेजना होगा तथा 16 अक्टूबर 2025 को सुबह 11 बजे सुनवाई होगी. उक्त सूचना दलों को पंजीकृत पत्राचार से और अखबारों में आम सूचना के रूप में भी भेजी गई है.
इस कार्रवाई से राजनीतिक दलों की पारदर्शिता और नियमितता सुनिश्चित करने का प्रयास किया जा रहा है.

