
उदित वाणी, जामताड़ा : जामताड़ा सांसद नलिन सोरेन की अध्यक्षता में जामताड़ा में दिशा की बैठक हुई. इस बैठक में स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी और विधायक उदय शंकर सिंह सहित जिले के तमाम अधिकारी मौजूद रहे. इस दौरान विकास और जन कल्याण से जुड़ी योजनाओं की प्रगति की समीक्षा हुई. मंत्री इरफान अंसारी ने जिले में अवैध बालू खनन पर चिंता जताते हुए अविलंब रोक लगाने की हिदायत दी. जामताड़ा के समाहरणालय सभागार में सांसद नलिन सोरेन की अध्यक्षता में जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की महत्वपूर्ण बैठक संपन्न हुई.
इस अवसर पर मंत्री डॉ. इरफान अंसारी, सारठ विधायक उदय शंकर सिंह और उपायुक्त रवि आनंद सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे. सांसद सोरेन ने जोर दिया कि ”दिशा” विकास योजनाओं के कार्यान्वयन का एक महत्वपूर्ण माध्यम है, जो प्रशासन और जन प्रतिनिधियों के बीच समन्वय स्थापित कर विकास प्रक्रिया को गति प्रदान करता है. उन्होंने कहा कि आपसी तालमेल विकास में उत्प्रेरक का काम करता है और सभी को मिलकर समस्याओं का समाधान करना चाहिए. सांसद ने अधिकारियों से यह सुनिश्चित करने का आग्रह किया कि सभी कल्याणकारी योजनाओं का शत-प्रतिशत लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे.
उन्होंने अधिकारियों से अपनी जवाबदेही समझने और जनहित में कार्य करने का आह्वान किया. सांसद ने कहा कि यदि कोई कमी है, तो जनप्रतिनिधियों को सूचित करें ताकि सब मिलकर जामताड़ा को बेहतर बना सकें. रैयतों का शीघ्र करें मुआवजा भुगतान बैठक के दौरान, पीएचइडी की समीक्षा में करमाटांड़ प्रखंड की ग्रामीण जलापूर्ति योजना में कार्य समाप्ति की तिथि मई 2024 होने के बावजूद केवल 32 प्रतिशत कार्य होने पर गंभीर चिंता व्यक्त की गई. संवेदक के खिलाफ कार्रवाई का निर्देश दिया गया. भू-अर्जन के लंबित मामलों को गंभीरता से लेते हुए,
उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को रैयतों को शीघ्र मुआवजा भुगतान करने का निर्देश दिया ताकि सड़क निर्माण बाधित न हो, और अगली बैठक से पहले इसे पूरा करने को कहा. पथ प्रमंडल को आरओबी बाईपास सर्विस पथ की मरम्मत के लिए प्रस्ताव देने का निर्देश दिया गया, साथ ही करमाटांड़ आरओबी का निर्माण जल्द से जल्द करने को कहा गय. समाज कल्याण की समीक्षा में, आंगनबाड़ी केंद्र डुमरिया के विद्यालय भवन में संचालित न होने और जमीन मालिक द्वारा पुराने विद्यालय भवन पर अतिक्रमण करने की समस्या पर तत्काल अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए गए.
ग्रामीण कार्य विभाग की समीक्षा के दौरान, जिप अध्यक्ष ने प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना के तहत बन रहे मधुबन पथ पर संवेदक द्वारा कार्य बंद करने का मुद्दा उठाया. संबंधित ईई के संतोषजनक जवाब न देने और संवेदक के खिलाफ कार्रवाई न होने पर नाराजगी व्यक्त की गई और सड़क निर्माण कार्य जल्द से जल्द पूरा करने का निर्देश दिया गया. मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने खनन की समीक्षा के दौरान अवैध बालू उत्खनन और अन्य खनिजों के अवैध खनन और परिवहन पर रोक लगाने पर जोर दिया. उन्होंने बाजरा घाट में अवैध बालू उत्खनन को हर हाल में रोकने का निर्देश दिया.

