
उदित वाणी, रांची : मुहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न कराने के लिए बुधवार को डीजीपी अनुराग गुप्ता ने झारखंड पुलिस मुख्यालय में एक उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की. वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से उन्होंने राज्य के सभी प्रक्षेत्रीय व क्षेत्रीय पुलिस अधिकारियों, वरीय पुलिस अधीक्षकों और पुलिस अधीक्षकों को निर्देश दिया कि मुहर्रम के दौरान विधि-व्यवस्था से कोई समझौता नहीं किया जाएगा. उन्होंने सभी जिलों को संभावित संवेदनशील स्थलों पर सुरक्षा बलों की तैनाती करने, निरोधात्मक कार्रवाई पहले से सुनिश्चित करने और अप्रत्याशित हालात से निपटने के लिए त्वरित प्रतिक्रिया दल तैयार रखने का निर्देश दिया. डीजीपी ने सभी एसएसपी और एसपी से कहा कि जुलूस मार्ग का भौतिक सत्यापन पहले ही कर लें. संवेदनशील इलाकों में सीसीटीवी कैमरे लगाएं. ड्रोन से निगरानी रखें और जुलूस के दौरान वीडियोग्राफी सुनिश्चित करें. इसके अलावा सोशल मीडिया पर फैलने वाली अफवाहों पर तत्काल कार्रवाई करने का भी उन्होंने निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि सभी जिलों में शांति समिति की बैठकें आयोजित करें. जिला नियंत्रण कक्ष पूरी तरह सक्रिय रहे और डीजे या किसी भी साउंड सिस्टम से भड़काऊ गानों के प्रसारण पर रोक लगायें.
