
उदित वाणी, गोविंदपुर: गोविंदपुर में डेंगू और अन्य बरसाती बीमारियों के बढ़ते प्रकोप को देखते हुए, जिला परिषद् सदस्य डॉ. परितोष और पंचायत समिति सदस्य सतवीर सिंह बग्गा ने मिलकर स्वच्छता अभियान की शुरुआत की। यह अभियान निजी खर्च से शुरू किया गया है, जिसमें जेसीबी और ट्रैक्टर के माध्यम से कचरा उठाने का कार्य किया जा रहा है।
डॉ. परितोष ने बताया कि इस अभियान के तहत सामुदायिक विकास मैदान, बंगाल स्वीट्स के सामने, हाट बाजार, मार्केट रोड, तीनतल्ला, जनता फ्लैट, एलआईजी, और विवेक विद्यालय के पास से कचरा हटाने का प्रयास किया जाएगा। यह अभियान 3 दिनों तक चलेगा।
उन्होंने सिंगल और डबल रूम हाउसिंग कॉलोनी के निवासियों से अपील की कि वे डोर-टू-डोर कचरा उठाव सेवा का लाभ लें और खुले में कचरा न फेंके। डॉ. परितोष ने बताया कि इन कॉलोनियों में कचरे का उठाव हो रहा है, लेकिन लोग 80 रुपये मासिक शुल्क का भुगतान नहीं कर रहे, जिससे कचरा खुले में फैलता है और इससे गंदगी का अंबार लग जाता है। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर 1000 घरों में से केवल 400 घरों द्वारा शुल्क का भुगतान किया गया तो आने वाले दिनों में यह सुविधा बंद हो सकती है।
सतवीर सिंह बग्गा ने भी इस अभियान में जनता से सहयोग की अपील की और कहा कि स्वच्छता एक सामूहिक प्रयास है, जिसमें सभी का योगदान आवश्यक है।
इस अभियान में दिनेश सिंह, विजय कुमार, सत्यजीत बनर्जी, निकेश सिंह, बिस्वजीत महतो, और जितेंद्र सिंह का भी महत्वपूर्ण योगदान रहा।

