
उदित वाणी, रांची : नशे की हालत में और तेज रफतार से वाहन चलानेवालों की अब खैर नहीं. राजस्व एवं भूमि सुधार व परिवहन मंत्री दीपक बिरूआ ने नशे व तेज गति से वाहन चलानेवालों को सख्त चेतावनी दी है. परिवहन मंत्री ने कहा कि नशे और गति पर अगर नियंत्रण नहीं हो, तो वाहन नहीं चलाएं. सोशल मीडिया में पोस्ट करते हुए उन्होंने कहा कि ऐसी परिस्थिति में एक्सीडेंट करने पर अब हमेशा के लिए वाहन और वाहन चालकों का लाइसेंस आरसी व ड्राइविंग लाइसेंस [डीएल] कैंसिल कर दिया जायेगा. बिरूआ ने कहा कि इसके अलावा न्यायालय द्वारा जो दंड और सजा दिया जायेगा. वह अलग होगा. विभागीय मंत्री ने रविवार को नशे की हालत में तेज रफतार से वाहन चलाते हुए हरमू प्रदेश भाजपा कार्यालय के पास एक फॉच्यूर्नर वाहन से तीन महिलाओं को कुचले जाने के बाद उक्त प्रतिक्रिया दी है.
वहीं इस सड़क हादसे में तीन लोगों की मौत की घटना के मामले में परिवहन मंत्री बिरूआ ने कहा कि परिवार पर दुःखों का पहाड़ टूट पड़ा है. किसे पता था कि एक लापरवाह वाहन चालक की वजह से ऐसी मृत्यु होगी. उन्होंने कहा कि नशा नाश ही करता है और जरूरत से ज्यादा गति क्षति का मुख्य कारण बनती है. पोस्ट में उन्होंने लिखा कि इस मां और उसके परिवार के साथ हम सभी की संवेदनाएं हैं. उन्होंने लोगों से भी अपील करते हुए कहा कि जीवन अनमोल है. एक गलती समस्त परिवार बिखेर देती है. जन-जन से अपील है कि आप सभी परिवहन साथी बनें. अगर कोई व्यक्ति गलत तरीके से वाहन चला रहा हो या उपयोग कर रहा हो, तो तस्वीर लें और मुझे साझा करें. त्वरित कार्यवाही होगी सभी अपने आस पास के क्षेत्र से अपनी सहभागिता दें और इस मुहिम के माध्यम से समाज को जागरूक करें.
