उदित वाणी, रांची: झारखंड में कोरोना वायरस की वापसी ने लोगों की चिंताएं बढ़ा दी हैं। झॉलीवुड और बॉलीवुड में अपनी विशिष्ट पहचान बना चुके फिल्म निर्माता लाल विजय शाहदेव कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। उन्होंने स्वयं सोशल मीडिया के माध्यम से इस बात की जानकारी साझा की है। रविवार को फेसबुक पोस्ट के जरिए उन्होंने बताया कि देश में अब तक 257 लोग कोरोना संक्रमित हो चुके हैं और वे भी इस संख्या में शामिल हो गए हैं।
मुंबई से लौटते समय अचानक बिगड़ी तबीयत
लाल विजय शाहदेव ने बताया कि 22 मई को मुंबई से रांची लौटते वक्त उनकी फ्लाइट में अचानक तबीयत खराब हो गई और वे बेहोश हो गए। तत्पश्चात जब उनकी कोरोना जांच कराई गई तो उनकी रिपोर्ट पॉजिटिव आई।
झारखंड फिल्म डेवलपमेंट कॉरपोरेशन के कार्य में बाधा
लाल विजय शाहदेव झारखंड फिल्म डेवलपमेंट कॉरपोरेशन लिमिटेड के सदस्य भी हैं। उन्हें कुछ फिल्मों का प्रिव्यू करना था, लेकिन बीमार पड़ने के कारण वे यह जिम्मेदारी पूरी नहीं कर पाए। फिलहाल वे रांची के एक अस्पताल में भर्ती हैं और उनका इलाज जारी है। उन्होंने बताया कि अब उनकी तबीयत पहले से बेहतर है।
लोगों से की सतर्क रहने और जांच करवाने की अपील
उन्होंने खासतौर पर उन सभी लोगों से अपील की है जो हाल के दिनों में उनके संपर्क में आए हैं और जिन्हें सर्दी, खांसी, बुखार या सिरदर्द जैसे लक्षण महसूस हो रहे हैं, वे तत्काल अपनी जांच कराएं।
उदित वाणी टेलीग्राम पर भी उपलब्ध है। यहां क्लिक करके आप सब्सक्राइब कर सकते हैं।