
उदित वाणी, जमशेदपुर: रवींद्रनाथ टैगोर की जयंती पर श्रीनाथ विश्वविद्यालय में विद्यार्थियों के बीच कोलाज मेकिंग प्रतियोगिता आयोजित की गई. इसमें प्रथम स्थान पर डीएलएड की नेहा एवं टीम ने कब्जा जमाया. द्वितीय स्थान पर बीएड की पियाली एवं ग्रुप तथा तृतीय स्थान पर बीएड के ही रोबिन एंड ग्रुप ने जीत हासिल की. प्रतियोगिता का विषय गुरुदेव रवींद्रनाथ टैगोर का जीवन वृत था. यह प्रतियोगिता आर्ट एंड क्राफ्ट के शिक्षक गणेश महतो तथा नलिन चंद्रा की देखरेख में हुई तथा इस प्रतियोगिता के निर्णायक के रूप में शिक्षक रवि कुमार सिंह, शिक्षिका पल्लवी चौधरी तथा जया रानी महतो उपस्थित थीं. इस अवसर पर सचिव गुरुदेव महतो ने कहा कि इस तरह की प्रतियोगिताओं से विद्यार्थियों को टैगोर जैसे एक महान भारतीय चिंतक और विचारक के बारे में और अधिक जानने का अवसर मिलता है. प्रोफेसर इंचार्ज डॉ. भाव्या भूषण ने कहा कि हमें अपने जीवन में गुरुदेव के आदर्शों को अपनाना चाहिए, क्योंकि उनका व्यक्तित्व बहुमुखी था, वे जहां एक अच्छे कवि और लेखक थे, वहीं प्रकृति प्रेमी भी थे. इस अवसर पर बड़ी संख्या में विश्वविद्यालय के विद्यार्थी, शिक्षक-शिक्षिकाएं तथा शिक्षकेत्तर कर्मचारी उपस्थित थे.

