उदित वाणी, रामगढ़: झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन शनिवार को अपने पूरे परिवार के साथ अपने पैतृक गांव गोला प्रखंड के नेमरा पहुंचे, जहां उन्होंने बाहा पर्व में भाग लिया और पारंपरिक पूजा-अर्चना की. मुख्यमंत्री हेलीकॉप्टर से गांव के नजदीक बने हेलीपैड पर पहुंचे और फिर सीधे अपने घर गए. यहां उन्होंने पारंपरिक वस्त्र पहनने के बाद ढोल नगाड़ों की थाप पर करीब एक किलोमीटर पैदल चलकर सरना स्थल पहुंचकर पूजा अर्चना की. मुख्यमंत्री सोरेन संथाली समाज के मांझी हड़ाम हैं, और प्रत्येक वर्ष वे बाहा पूजा में भाग लेने के लिए नेमरा आते हैं.
परिवार के साथ पूजा और कुल देवता की अर्चना
इस अवसर पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के साथ उनकी मां रूपी सोरेन, पत्नी और गांडेय विधायक कल्पना सोरेन सहित परिवार के अन्य सदस्य भी उपस्थित थे. सभी ने बाहा पर्व की पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ पूजा की.
जोहार बाहा बोंगा… pic.twitter.com/grl2SrBGOE
— Hemant Soren (@HemantSorenJMM) March 15, 2025
बाहा पर्व और परंपराओं का महत्व
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने इस दौरान बाहा पर्व की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि हर समाज की अपनी-अपनी परंपराएं होती हैं. उनके परिवार की भी यही परंपरा है, जिसके तहत वे हर साल इस पर्व में शामिल होते हैं. उन्होंने यह भी कहा कि, “समय की व्यस्तता के बावजूद मन में उत्साह होता है और यही कारण है कि परिवार के सभी सदस्य इस कार्यक्रम में शामिल होते हैं.”
आज नेमरा में बाहा पर्व के शुभ अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में शामिल हुआ और जाहेरथान में पूजा-अर्चना कर राज्यवासियों की सुख, शांति, समृद्धि और स्वस्थ जीवन की कामना की।
जोहार बाहा बोंगा! pic.twitter.com/RHiCHoV80p
— Hemant Soren (@HemantSorenJMM) March 15, 2025
रामगढ़ में मुख्यमंत्री का स्वागत
मुख्यमंत्री ने शनिवार को रामगढ़ पहुंचने पर जिले के उपायुक्त चंदन कुमार और एसपी अजय कुमार से स्वागत लिया. पूजा अर्चना के बाद उन्होंने ढोल भी बजाया और राज्य के लोगों की सुख-शांति, समृद्धि और स्वस्थ जीवन की कामना की. इस अवसर पर रामगढ़ की विधायक ममता देवी, चित्रगुप्त महतो, बजरंग महतो, विनोद किस्कू सहित कई कांग्रेस और झामुमो के नेता भी मौजूद थे.
उदित वाणी टेलीग्राम पर भी उपलब्ध है। यहां क्लिक करके आप सब्सक्राइब कर सकते हैं।