
उदित वाणी, जमशेदपुर : परसुडीह थाना क्षेत्र के सोपोडेरा स्थित कुर्मी टोला आंगनबाड़ी नर्सरी स्कूल परिसर में सोमवार सुबह एक युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई. शव को सबसे पहले सुबह टहलने निकले स्थानीय लोगों ने देखा, जो लावारिस हालत में पड़ा था. सूचना पर बड़ी संख्या में लोग मौके पर जमा हुए और क्षेत्र में लंबे समय से जारी अड्डेबाजी व नशाखोरी पर नाराजगी जताई.
मृतक की पहचान कुर्मी टोला निवासी नितेश रजक (22) के रूप में हुई. नितेश के पिता राजू रजक ने बताया कि कुछ महीने पहले उसने अपनी दादी के जेवर चुराए थे, जिसके बाद उसे घर से निकाल दिया गया. वह तब से अलग रह रहा था। राजू रजक के अनुसार, नितेश के पास एक स्प्लेंडर बाइक थी, जो घटना के बाद से गायब है। हालांकि, शव के पास उसका मोबाइल मिला है, जिससे हत्या की गुत्थी सुलझने की उम्मीद है. परिजन और स्थानीय लोगों का मानना है कि यह सामान्य मौत नहीं, बल्कि हत्या हो सकती है.
स्थानीय निवासियों ने बताया कि स्कूल में नशेड़ियों का जमावड़ा लंबे समय से लगा रहता है. कई बार मुखिया बासंती गुप्ता के माध्यम से पुलिस को शिकायत दी गई, लेकिन कार्रवाई नहीं हुई. घटना के दिन पुलिस सूचना के करीब तीन घंटे बाद मौके पर पहुंची, जिससे लोगों में भारी आक्रोश देखा गया.
मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है. पुलिस मोबाइल कॉल डिटेल और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है. मृतक की बाइक की तलाश भी की जा रही है. प्रथम दृष्टया मामला हत्या का प्रतीत हो रहा है, हालांकि पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी.
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने स्कूल परिसर की सुरक्षा सुनिश्चित करने और नियमित गश्ती बढ़ाने की मांग की है, ताकि असामाजिक तत्वों पर लगाम लगाई जा सके.

