
उदित वाणी चांडिल: चांडिल क्षेत्र की बहुप्रतीक्षित चांडिल गोलचक्कर से कटिया होते हुए गिद्दीबेड़ा टोल प्लाजा तक सड़क मरम्मती कार्य का शुभारंभ मंगलवार को विधायक सविता महतो ने चैनपुर में शिलापट्ट अनावरण कर किया। पथ निर्माण विभाग द्वारा स्वीकृत इस 6.33 किमी लंबे सड़क सुधार कार्य पर 8 करोड़ 31 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे। विभाग के अनुसार यह निर्माण कार्य चार माह में पूरा कर लिया जाएगा।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक सविता महतो ने कहा कि सड़क निर्माण गुणवत्ता मानकों के साथ तय समय सीमा में संपन्न कराया जाएगा। इससे स्थानीय लोगों एवं राहगीरों को आवागमन में काफी सुविधा होगी और लंबे समय से चली आ रही धूल–धक्कड़ की समस्या से राहत मिलेगी। उन्होंने कार्यकारी संवेदक को निर्देश दिया कि निर्माण कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
शिलान्यास कार्यक्रम में झामुमो केंद्रीय सदस्य गुरुचरण किस्कू, चारुचांद किस्कू, काबलू महतो, ओम प्रकाश लायेक, जिला सचिव बैद्यनाथ टुडू, उपाध्यक्ष धर्मु गोप, मुखिया सुबोधनी महाली, प्रखंड अध्यक्ष कृष्णा किशोर महतो, दीनबंधु महतो, राहुल वर्मा सहित बड़ी संख्या में स्थानीय लोग एवं झामुमो कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

