
उदित वाणी, रांची : राज्य सरकार द्वारा सीजीएल पेपर लीक मामले में र्सीआइडी जांच पर झारखंड हाईकोर्ट में स्टेटस रिपोर्ट दायर की गई. जिसमें बताया गया कि मामले में सीआईडी अनुसंधान जारी है और आरोपियों के खिलाफ चार्जशीट भी दायर किया गया है. परंतु फॉरेंसिक जांच रिपोर्ट अब तक प्राप्त नहीं हुई है. इस मामले में परीक्षा में गड़बड़ियों की सीर्बीआइ जांच को लेकर दायर जनहित याचिका पर बुधवार को चीफ जस्टिस एमएस रामचंद्र राव व जस्टिस राजेश शंकर की खंडपीठ ने सुनवाई की. इस दौरान राज्य सरकार की ओर से खंडपीठ से कहा गया कि महाधिवक्ता राजीव रंजन बहस करेंगे. इसलिए मामले को दोपहर 12.30 बजे रख दिया जाय. इस पर खंडपीठ ने मामले की सुनवाई अगले सप्ताह तक टाल दी तथा खंडपीठ ने मामले की अगली सुनवाई के लिए 26 जून की तिथि निर्धारित कर दी.
इसके साथ ही अदालत ने सीजीएल परीक्षा के रिजल्ट प्रकाशन पर पूर्व में लगी रोक को बरकरार रखा. इस मामले में प्रार्थी प्रकाश कुमार व अन्य की ओर से जनहित याचिका दायर कर सीजीएल परीक्षा-2023 में पेपरलीक व अन्य गड़बड़ियों का आरोप लगाया है. जिसमें पेपरलीक व बड़ी संख्या में प्रश्नों को रिपीट करने जैसी गड़बड़ी करने का आरोप है. सीजीएल परीक्षा रद्द करने तथा पूरे मामले की जांच सीबीआई जैसी स्वतंत्र एजेंसी से कराने का अदालत से आग्रह किया गया है. इस सीजीएल परीक्षा में 304769 अभ्यर्थी शामिल हुए थे और जेएसएससी द्वारा सीजीएल परीक्षा का फाइनल आंसर कुंजी भी प्रकाशित किया जा चुका है.

