
उदित वाणी, रांची : मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के रवि कुमार ने कहा कि दूसरे विभिन्न राज्यों में मतदाता सूची के गहन पुनरीक्षण का काम चल रहा है और दूसरे को राज्यों में झारखंड से संबंधित मतदाताओं का सत्यापन के दस्तावेज भेजा रहा है. उन्होंने कहा कि मतदाताओं के सत्यापन के लिए भेजे जा रहे दस्तावेजों का त्वरित रूप से निरीक्षण करते हुए प्रतिवेदन संबंधित राज्य को ससमय भेजने का कार्य करें.
रवि कुमार गुरुवार को निर्वाचन सदन से सभी जिलों के उप निर्वाचन पदाधिकारियों के साथ बैठक कर रहे थे. इसके साथ ही उन्होंने कहा कि राज्य में मतदाता सूची के गहन पुनरीक्षण के पूर्व की तैयारियों को ससमय पूरा करें. जिससे गहन पुनरीक्षण के क्रम में आसानी हो सके. उन्होंने कहा कि मतदाता सूची के पैतृक मैपिंग के अलावा अनुपस्थित, शिफ्टेड, डिलीट एवं डुप्लीकेट मतदाताओं की भी सघन जांच करते हुए सूची तैयार कर लें.
उन्होंने कहा कि मतदाता सूची में मतदाताओं का एक भी ब्लर फोटो से सम्बंधित मामले लंबित न रहे. मतदाता पहचान पत्र में साफ एवं रंगीन तस्वीर के लिए सम्बंधित बीएलओ अपने बीएलओ ऐप के माध्यम से तस्वीर खींच कर अपलोड करें. उन्होंने कहा कि ईसीआईनेट के माध्यम से बुक ए कॉल विथ बीएलओ के माध्यम से मतदाताओं के आ रहे समस्याओं का निष्पादन करें एवं ससमय ऐप में आए कॉल रिक्वेस्ट पर सम्पर्क करें.

