
उदित वाणी, रांची : राज्य सरकार ने सभी सरकारी अस्पतालों को मुफ्त वाई-फाई सुविधा से युक्त करने का बड़ा फैसला लिया है. इस नई पहल के तहत अस्पतालों में इलाज के लिए आने वाले मरीजों के साथ-साथ आने वाले परिजनों को मुफ्त इंटरनेट सेवा उपलब्ध कराई जायेगी. जिससे वे स्वास्थ्य संबंधी जानकारी, सरकारी योजनाएं और अन्य डिजिटल सेवाओं तक आसानी से पहुंच बना सकेंगे. सरकार की ओर से बीएसएनएल द्वारा सभी अस्पतालों में वाई-फाई की सुविधा उपलब्ध कराई जायेगी.
स्वास्थ्य, चिकित्सा शिक्षा एवं परिवार कल्याण विभाग के अपर मुख्यसचिव अजय कुमार सिंह ने इस संबंध में जानकारी देते हुए बताया कि यह पहल डिजिटल हेल्थकेयर की दिशा में राज्य सरकार का एक महत्वपूर्ण कदम है. उन्होंने बताया कि यह सुविधा मरीजों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए शुरू की जा रही है. जिससे उन्हें अस्पतालों में प्रतीक्षा के दौरान उपयोगी जानकारी हासिल करने में सहायता मिलेगी. अपर मुख्यसचिव ने बताया कि 1 महीने के भीतर राज्य के सभी जिला अस्पतालों में वाई-फाई की सुविधा चालू हो जाएगी और 6 महीने के भीतर सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्रों व प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों को भी इस तरह की सुविधा से लैस कर दिए जायेंगे.
उन्होंने कहा कि यह पहल मरीजों को एक डिजिटल सपोर्ट सिस्टम प्रदान करने की दिशा में एक क्रांतिकारी कदम है. अब अस्पताल परिसर में बैठकर भी लोग स्वास्थ्य पोर्टल्स, वेबसाइट्स और सरकारी योजनाओं से जुड़ी जानकारी हासिल कर सकेंगे. सरकार का मानना है कि सूचना भी एक दवा है. जहां इलाज के लिए लोग कतार में होते हैं. वहां अब इंटरनेट से जुड़कर वे खुद भी अपने इलाज, स्वास्थ्य योजनाओं और हेल्थकेयर विकल्पों के बारे में जान सकेंगे.

