
उदित वाणी पटमदा : बोड़ाम थाना क्षेत्र में चोरी की घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही हैं। खासकर पशुपालकों के लिए यह बड़ी चिंता का विषय बन गया है। शुक्रवार देर रात आंधारझोर गांव के केंदडीह टोला में अज्ञात चोरों ने बाउंड्री का ताला तोड़कर पांच खस्सी (बकरी) चोरी कर ली। चोरी गए खस्सियों की कीमत करीब एक लाख रुपये बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार केंदडीह टोला निवासी आशुतोष महतो ने ईद के बाजार को ध्यान में रखते हुए पांच खस्सी पाल रखे थे। शुक्रवार रात अन्य दिनों की तरह परिवार के सभी सदस्य बाउंड्री गेट में ताला लगाकर सो गए थे। देर रात करीब 12 बजे के बाद चारपहिया वाहन से पहुंचे अज्ञात चोरों ने बाउंड्री में लगे ग्रिल का ताला तोड़ दिया और घर के अंदर बंधे सभी खस्सियों को वाहन में लादकर फरार हो गए।
हैरानी की बात यह रही कि घर के पास खड़ी पांचों बाइक को चोरों ने हाथ तक नहीं लगाया, जबकि सभी बाइकों में चाबी लगी हुई थी। आशुतोष महतो ने बताया कि उन्होंने कभी सोचा भी नहीं था कि उनके घर के अंदर से इस तरह चोरी हो सकती है। मजबूत चहारदीवारी और अंदर से बंद ग्रिल के बावजूद चोरों ने जिस तरह घटना को अंजाम दिया, उसने ग्रामीणों को हैरान कर दिया है।
शनिवार सुबह करीब पांच बजे जब परिवार के लोग जागे तो बाउंड्री का ताला टूटा हुआ मिला और खस्सी गायब थे। इसके बाद घटना की सूचना बोड़ाम थाना पुलिस को दी गई। पीड़ित ने अज्ञात चोरों के खिलाफ चोरी की प्राथमिकी दर्ज कराई है।
स्थानीय लोगों के अनुसार चोर पहले पड़ोस में रहने वाले राजू महतो के घर में भी घुसे थे, लेकिन खस्सी घर के अंदर बंधे होने और परिवार के जागने की आशंका के कारण वे वहां से निकल गए।
गौरतलब है कि एक मार्च को भी बोड़ाम बाजार में शटर का ताला तोड़कर विदेशी शराब की दुकान से नकदी समेत लाखों रुपये की चोरी हुई थी, जिसका अब तक पुलिस खुलासा नहीं कर सकी है। एक सप्ताह के भीतर हुई दूसरी बड़ी चोरी से इलाके में दहशत का माहौल है। सूचना मिलने पर बोड़ाम पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

