
उदित वाणी, रांची : प्रदेश भाजपा ने कांके रोड स्थित पुराने सीएम आवास को तोड़कर नया सीएम आवास बनाने पर सवाल उठाया है. प्रदेश भाजपा प्रवक्ता प्रतुल शाहदेव ने प्रेसवार्ता कर आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन अब दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की राह पर चल पड़े हैं. जिस तरह दिल्ली में जनता के पैसे से शीश महल बनाया गया, उसी तर्ज पर झारखंड में भी मुख्यमंत्री अपने लिए आलीशान महल बनवा रहे हैं. उन्होंने कहा कि इस शीशमहल पर लगभग 100 करोड़ रूपये खर्च किया जा रहा है.
इस महल में स्विमिंग पूल, जकूजी, आलीशान कमरे और लगभग 2 करोड़ रुपये का फव्वारा, ढाई करोड़ का गार्डन जैसी सुविधाओं की योजना बनाई गई है. उन्होंने कहा कि इस भवन के निर्माण को लेकर पिछले कैबिनेट में ही मंजूरी दे दी गई है. लेकिन आश्चर्यजनक रूप से कैबिनेट ब्रीफिंग में इस तथ्य को छिपाया गया. प्रतुल ने बताया कि आधिकारिक तौर पर मुख्य भवन के निर्माण पर लगभग 47 करोड़ रुपये खर्च बताया गया है. जबकि अन्य मदों को जोड़ने पर यह राशि लगभग 70 करोड़ रुपये तक की है. भवन निर्माण विभाग में सामान्य तौर पर 25 से 30 प्रतिशत लागत में वृद्धि होती ही है और इसकी निर्माण लागत 100 करोड़ रुपये से भी अधिक की हो सकती है.
वहीं प्रतुल ने कहा कि जबकि सरकार पहले ही घोषणा कर चुकी है कि आने वाले समय में स्मार्ट सिटी क्षेत्र में नया राजभवन और मुख्यमंत्री आवास बनाया जाएगा. ऐसे में सवाल उठता है कि जब भविष्य में नया परिसर बनना ही है तो फिर जनता के पैसे से अभी यह फिजूलखर्ची क्यों की जा रही है. उन्होंने कहा कि यह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है कि जिस राज्य में आज भी बड़ी संख्या में आदिवासी और मूलवासी परिवार रोज़ी-रोटी, शिक्षा, स्वास्थ्य और बुनियादी सुविधाओं के लिए संघर्ष कर रहे हैं.
सरकार झारखंड की गरीब जनता के टैक्स का पैसा मुख्यमंत्री के शाही ठाठ-बाट पर खर्च कर रही है. राज्य के विकास और गरीबों की भलाई को हाशिये पर रखा जा रहा है. उन्होंने कहा कि भाजपा इस मुद्दे को लेकर जनता के बीच ले जाएगी. प्रेस वार्ता में प्रदेश सह मीडिया प्रभारी योगेंद्र प्रताप सिंह भी उपस्थित थे.

