
उदित वाणी, रांची : प्रदेश भाजपा द्वारा सांगठानिक चुनाव को लेकर 24 जुलाई को एक अहम बैठक आहूत की गई है. बताया गया कि उक्त बैठक में जिला अध्यक्षों के चयन को लेकर जिला चुनाव प्रभारियों द्वारा रिपोर्ट सौंपी जायेगी. प्रदेश कार्यालय में आयोजित किये जानेवाली इस बैठक में जिला चुनाव प्रभारियों व संयोजकों द्वारा जिला अध्यक्ष के लिए स्थानीय स्तर पर की गई रायशुमारी की रिपोर्ट प्रदेश नेतृत्व को सौंपेंगे तथा चुनाव प्रभारियों से मिले फीडबैक के बाद प्रदेश नेतृत्व द्वारा सामाजिक समीकरण के मुताबिक जिलाध्यक्षों का नाम तय किया जायेगा.
24 जुलाई की बैठक के बाद अगस्त महीने में पार्टी द्वारा 15 से अधिक जिलाध्यक्षों की घोषणा एक साथ की सकती है. जानकारी के मुताबिक पार्टी द्वारा 60 साल से कम उम्र के नेताओं को जिलाध्यक्ष बनाने का सैध्दांतिक फैसला लिया गया है तथा पार्टी द्वारा इस बार नए लोगों को जिलाध्यक्ष के तौर पर मौका दिये जाने की संभावना है. सांगठनिक चुनाव से जुड़े एक पदाधिकारी के अनुसार सामाजिक समीकरण के तहत ओबीसी समुदाय को ज्यादा प्रतिनिधित्व देने पर पार्टी द्वारा विचार किया जा रहा है. विधानसभा चुनाव में पार्टी के लिए कम सक्रिय रहे नेताओं की रिपोर्ट भी देखी जायेगी. जिलों में सक्रिय सदस्यों का सत्यापन हो चुका है. नए जिलाध्यक्ष तय करने में सदस्यता अभियान में नेताओं की सक्रियता को भी आधार माना जायेंगा.
