
उदित वाणी, रांची : डिप्टी मेयर के चुनाव के पहले भाजपा ने बड़ा राजनीतिक दांव चला है. प्रदेश भाजपा द्वारा 8 मार्च को 11 बजे पूर्वाह्न गीतांजलि बैंक्वेट हॉल बोड़ेया रोड रांची में पार्टी समर्थित प्रदेश के सभी निकायों के नव निर्वाचित प्रतिनिधियों का सम्मान समारोह आयोजित किया गया है. पार्टी की ओर से बताया गया कि नगर निकाय चुनाव में भाजपा समर्थित उम्मीदवारों की बड़ी जीत के बाद पार्टी ने नव निर्वाचित जन प्रतिनिधियों को सम्मानित करने का कार्यक्रम तय किया है.
पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष राकेश प्रसाद ने बताया कि प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सांसद आदित्य साहू की अध्यक्षता में भव्य सम्मान कार्यक्रम आयोजित किया गया है. कार्यक्रम में राज्य के सभी 48 नगर निकायों में भाजपा के समर्थन एवं भाजपा के विचारों के आधार पर समाज की सेवा से जुड़े महापौर व अध्यक्ष तथा वार्ड पार्षद बड़ी संख्या में जीत कर आए हैं. कार्यक्रम में पार्टी के वरिष्ठ नेता अरूण सिंह कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि शामिल होंगे. इनके अलावा नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी, प्रदेश संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह समेत पार्टी के अन्य नेता पदाधिकारी भी शामिल रहेंगे.

