
उदित वाणी, रांची : प्रदेश भाजपा ने कांग्रेस पार्टी पर जी राम जी योजना के संबंध में दुष्प्रचार किये जाने का बड़ा आरोप लगाया. प्रदेश भाजपा के कार्यकारी अध्यक्ष सांसद आदित्य साहू ने पार्टी कार्यालय में प्रेसवार्ता करते हुए कहा कि जब मनरेगा में फर्जीवाड़ा, भ्रष्टाचार की पराकाष्ठा हो गया और कई सुधार के प्रयासों के बावजूद स्थिति नहीं बदली. उसके बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत सरकार ने विकसित भारत 2047 के संकल्पों को धरातल पर उतारने और उसमें ग्रामीण भारत की बुनियादी सुविधाओं को विकसित कर गांव को आज की आवश्यकताओं के अनुरूप मुख्यधारा में तेजी से जोड़ने केलिए वि बी जी राम जी योजना का निर्णय लिया है.
उन्होंने कहा कि खूंटी जिले में 24 करोड़ के गबन उजागर होने पर एक वरिष्ठ आईएएस अधिकारी को जेल जाना पड़ा और झारखंड के लगभग सभी जिलों में मनरेगा में घोटाले उजागर हुए हैं. वित्तीय बर्ष 2024-25 में मनरेगा योजना में 193.67 करोड़ रुपए का गबन दर्ज किया गया. इसी प्रकार वित्तीय बर्ष 2025-26 में पश्चिम बंगाल के 19 जिलों समेत 23 राज्यों की निगरानी में कागजों पर ऐसे कार्य दिखाए गए जिसका जमीन पर अस्तित्व ही नहीं था. जितनी राशि का खर्च दिखाया गया. उतने कार्य नहीं हुआ.
साथ ही श्रम आधारित कार्यों में मशीनों का उपयोग बड़े पैमाने पर किया गया. करोना महामारी के बाद की अवधि ध्में केवल 7.61 प्रतिशत परिवारों ने ही 100 दिन का रोजगार पूरा किया. इसलिए नए अधिनियम की आवश्यकता पड़ी और नया अधिनियम विकसित भारत गारंटी फॉर रोजगार एंड आजीविका मिशन ग्रामीण, यह अधिनियम 20 बर्ष पुराने मनरेगा का विकसित और बड़ा मॉडल है. उन्होंने कहा कि कांग्रेस गांव, गरीब, किसान विरोधी पार्टी है.
कांग्रेस को भ्रष्टाचार, लूट रुकने से परेशानी हो रही है और आज कांग्रेस अपनी नीयत और नीति के कारण ही सत्ता से बाहर है तथा आगे भी रहेगी. उन्होंने कहा कि आगामी 8 से 10 जनवरी तक भाजपा कार्यकर्ता सभी मंडलों में जी राम जी योजना की बिशेषताओं को बतायेंगे और जनता को कांग्रेस पार्टी के दुष्प्रचार के खिलाफ जागरूक करेंगे. प्रेसवार्ता में मीडिया प्रभारी शिवपूजन पाठक, प्रदेश प्रवक्ता प्रदीप सिन्हा व रमाकांत महतो उपस्थित थे.

