
उदित वाणी, जमशेदपुर : भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं सांसद आदित्य साहू ने राज्य सरकार पर निशाना साधते हुए लाइसेंसी हथियारों को जमा कराने के निर्देश तत्काल जारी करने की मांग की है.
श्री साहू ने कहा कि राज्य में 23 फरवरी को निकाय चुनाव होने हैं. 48 निकाय क्षेत्रों में प्रचार अभियान शुरू हो चुका है, लेकिन राज्य प्रशासन ने अभी तक लाइसेंसी हथियार धारकों को थानों में हथियार जमा करने का आदेश जारी नहीं किया है. इससे ऐसा लग रहा है कि सरकार गोली-बंदूक, भय और आतंक के साये में चुनाव कराना चाहती है.
उन्होंने कहा कि राज्य में अपराधियों का मनोबल पहले से ही ऊंचा है और राज्य सरकार उनका संरक्षक बनी हुई है. इस संरक्षण का लाभ उठाकर सरकार अपने समर्थित उम्मीदवारों को फायदा पहुंचाने की साजिश रच रही है. श्री साहू ने राज्य सरकार से अविलंब हथियार जमा कराने के निर्देश जारी करने की मांग की है.
