उदित वाणी, झारखंड: झारखंड की धरती पर वीरता और सांस्कृतिक गौरव के प्रतीक भगवान बिरसा मुंडा की भव्य प्रतिमा “स्टेच्यू ऑफ स्ट्रेंथ” के रूप में रांची में स्थापित की जाएगी। यह जानकारी राज्य के नगर विकास एवं पर्यटन मंत्री सुदिव्य कुमार ने दी।
मंत्री सुदिव्य कुमार ने रांची के बायो डायवर्सिटी पार्क और हहाप पंचायत क्षेत्र का दौरा कर प्रस्तावित परियोजना स्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने बताया कि रांची-टाटा मार्ग के समीप स्थित एक विशाल पहाड़ी को इस महत्वाकांक्षी परियोजना के लिए विकसित किया जाएगा। पहाड़ी की चोटी पर बिरसा मुंडा की भव्य प्रतिमा स्थापित की जाएगी, जो झारखंड की अस्मिता, विरासत और नायकत्व का प्रतीक होगी।
परियोजना के अंतर्गत पहाड़ी क्षेत्र में पार्क, कैफेटेरिया, पार्किंग तथा चोटी तक पहुंचने के लिए सड़क का भी निर्माण किया जाएगा। इसके अतिरिक्त, बायो डायवर्सिटी पार्क में न्यूट्रिशन पार्क की स्थापना की योजना भी प्रस्तावित है। मंत्री ने इसे रांची के पर्यटन परिदृश्य को नया आयाम देने वाली पहल बताया।
उदित वाणी टेलीग्राम पर भी उपलब्ध है। यहां क्लिक करके आप सब्सक्राइब कर सकते हैं।