
उदित वाणी, जमशेदपुर : परसुडीह थाना क्षेत्र के हलुदबनी स्थित कोचाकुली बस्ती में बीती रात चोरों ने एक घर को निशाना बनाते हुए दो दोपहिया वाहनों की चोरी कर ली. घटना सहदेव करुआ के घर की है, जहां से चोरों ने एक बुलेट मोटरसाइकिल (संख्या जेएच 05डीएल-3929) और एक स्कूटी (संख्या जेएच 05डीएक्स-6015) चुरा ली. घटना की जानकारी सुबह होते ही पूरे इलाके में फैल गई, जिसके बाद लोगों में आक्रोश की लहर दौड़ गई.
सहदेव करुआ झारखंड लोक कल्याण मंच (जेएलकेएम) के नेता गणपति करुआ के रिश्तेदार बताए जा रहे हैं. घटना की सूचना मिलते ही गणपति करुआ एवं जेएलकेएम के जिला उपाध्यक्ष भारत सिंह मौके पर पहुंचे और स्थिति की जानकारी ली. इस दौरान उन्होंने पुलिस पर निष्क्रियता का आरोप लगाते हुए कहा कि क्षेत्र में लगातार चोरी, लूट और ब्राउन शुगर का कारोबार बढ़ता जा रहा है, लेकिन पुलिस पूरी तरह से मूकदर्शक बनी हुई है.
गणपति करुआ ने स्पष्ट रूप से चेतावनी दी कि यदि पुलिस जल्द ही चोरी गए वाहनों की बरामदगी नहीं करती और चोरों को गिरफ्तार नहीं करती है, तो स्थानीय लोग थाना घेराव कर उग्र प्रदर्शन करेंगे. उन्होंने कहा कि क्षेत्र में न तो रात्रि गश्ती होती है और न ही अपराधियों के मन में पुलिस का कोई भय है, जिसके कारण आए दिन आपराधिक घटनाएं हो रही हैं.
वहीं, भारत सिंह ने भी पुलिस की कार्यशैली पर सवाल खड़े करते हुए कहा कि हाल ही में एसएसपी पियूष पांडे द्वारा कई थानेदारों का तबादला अपराध नियंत्रण के उद्देश्य से किया गया था, लेकिन परसुडीह थाना क्षेत्र में उसका कोई असर नजर नहीं आ रहा है. अपराध का ग्राफ लगातार बढ़ता जा रहा है, जिससे एसएसपी के निर्णय की प्रभावशीलता पर भी सवाल उठने लगे हैं.
स्थानीय लोगों की मांग है कि पुलिस तत्काल सक्रिय होकर मामले की जांच करे और दोषियों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो.

