उदित वाणी, झारखंड: भारतीय जनता पार्टी द्वारा आयोजित “एक भारत, श्रेष्ठ भारत” कार्यक्रम के तहत बिहार सरकार की मंत्री रेणु देवी स्नेह मिलन कार्यक्रम में शिरकत करने बोकारो पहुंचीं। कार्यक्रम के दौरान उन्होंने बिहार में किसानों के हित में किए गए कार्यों की सराहना की और राज्य में कृषि क्षेत्र में हुए विकास कार्यों को रेखांकित किया।
मंत्री रेणु देवी ने कहा कि बिहार में किसानों की बेहतरी के लिए कई महत्वपूर्ण कदम उठाए गए हैं। राज्य में नदियों को आपस में जोड़ा जा रहा है, जिससे जल संकट से जूझ रहे क्षेत्रों को राहत मिलेगी। उन्होंने बताया कि गया तक गंगा का पानी पहुंचाया जा चुका है और प्रत्येक गांव तक जल आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए नहरों की सफाई का कार्य जारी है। इसके अलावा, नदियों से गाद हटाने का कार्य भी किया जा रहा है, जिससे सूखे खेतों में भी अब किसान खेती कर पा रहे हैं।
उन्होंने यह भी दावा किया कि बिहार में मोटे अनाजों के उत्पादन में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है। विशेष रूप से मक्का की कीमतें बढ़ी हैं, और यह वर्तमान में ₹2,500 प्रति क्विंटल बिक रहा है।
कार्यक्रम के दौरान मंत्री ने बिहार सरकार द्वारा किए जा रहे विकास कार्यों को विस्तार से साझा किया और कहा कि राज्य सरकार किसानों के हितों की रक्षा और उनकी आय बढ़ाने के लिए निरंतर प्रयासरत है।
उदित वाणी टेलीग्राम पर भी उपलब्ध है। यहां क्लिक करके आप सब्सक्राइब कर सकते हैं।