
उदित वाणी पोटका: झारखंड विधानसभा में पोटका के विधायक संजीव सरदार द्वारा भूमिज जनजाति समुदाय से जुड़े संवेदनशील विषय को मजबूती से उठाए जाने पर आदिवासी भूमिज समाज ने उनका अभिनंदन किया. विधायक संजीव सरदार ने विधानसभा में यह मांग रखी थी कि आगामी 10वीं JTET, JPSC एवं JSSC सहित सभी प्रतियोगी परीक्षाओं में भूमिज भाषा को पुनः शामिल किया जाए, ताकि भूमिज भाषी अभ्यर्थी अपने संवैधानिक अधिकार से वंचित न रहें.
इस पहल के बाद आदिवासी भूमिज समाज झारखंड (सा: हाते करम शुशुन गाँवता) के प्रतिनिधिमंडल ने तुरामडीह स्थित विधायक कार्यालय पहुंचकर विधायक संजीव सरदार का अभिनंदन किया और धन्यवाद ज्ञापित किया. प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि संजीव सरदार लगातार समाज के मुद्दों को प्राथमिकता के साथ उठाते रहे हैं और भूमिज भाषा से जुड़े इस ज्वलंत विषय को सदन में प्रभावी रूप से रखने के लिए वे बधाई के पात्र हैं.
प्रतिनिधिमंडल ने यह भी कहा कि आने वाले समय में भूमिज समाज विधायक संजीव सरदार के साथ मजबूती से खड़ा रहेगा, ताकि भाषा, संस्कृति और अधिकारों की रक्षा सुनिश्चित हो सके. इस अवसर पर सुदर्शन भूमिज, हरीश सिंह भूमिज, रमेश चंद्र सरदार, सुखदेव सरदार, अर्जुन सरदार, राकेश सरदार, गुणराम सरदार और सिधेश्वर सरदार प्रमुख रूप से उपस्थित थे.

