
उदित वाणी, रांची : प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सह नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन पर तीखा हमला बोला है. उन्होंने आरोप लगाया कि झारखंड के अंचल कार्यालयों में म्यूटेशन के नाम पर खुलेआम लाखों की वसूली की जा रही है. उन्होंने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि यही वजह है कि अब पोस्टिंग के लिए लगाए जाने वाली बोली में उपायुक्त से ज़्यादा रेट अंचलाधिकारी का हो गया है और म्यूटेशन के लिए प्रति डिसमिल की दर से घूस लेनेवाले सरकारी बाबू अब ज़मीन में ही हिस्सा लेने लगे हैं.
मरांडी ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के पिछले बयानों का उल्लेख करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री स्वयं सार्वजनिक मंच से यह स्वीकार कर चुके हैं कि प्रखंड और अंचल कार्यालय भ्रष्टाचार और दलालों के अड्डे बन चुके हैं. जबकि सीएम ने कभी इस पर कोई कठोर कार्रवाई नहीं की. जबकि म्यूटेशन के अलावा अंचलाधिकारियों द्वारा अब झारखंड में जमीन की प्रकृति भी बदलकर बड़े पैमाने पर हेराफेरी किया जा रहा है.
उन्होंने कहा कि गरीब आदिवासियों की जमीन हड़पी जा रही है और भूमाफिया सक्रिय हैं. अंचलाधिकारियों द्वारा खुलेआम भ्रष्टाचार का तांडव कर रहे हैं. म्यूटेशन के लिए घूस या ज़मीन में हिस्सेदारी नहीं दे पानेवालों का म्यूटेशन अनावश्यक बिलंब किया जा रहा है और दौड़ाया जा रहा है.

