
उदित वाणी, रांची : प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सह नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने हेमंत सरकार पर बड़ा हमला बोला है. उन्होंने कहा कि हेमंत सरकार अपने विरोधियों, बिशेषकर हिंदू समाज से जुड़े लोगों को साजिश के तहत फर्जी मुकदमों में फंसा कर जेल भेजने का प्रयास करती रही है. उन्होंने कहा कि पिछले साढ़े पांच बर्षों में ऐसे कई उदाहरण सामने आया है. जहां निर्दोष लोगों को राजनीतिक दुर्भावना से प्रेरित होकर षड्यंत्र का शिकार बनाया गया है.
राज्य सरकार द्वारा इसी कड़ी में एक बार फिर रांची के युवा भैरव सिंह को एक नये फर्ज़ी मुकदमे में फंसाने की तैयारी की जा रही है. भैरव सिंह से जुड़े जो तथ्य सामने आया है. डक्त प्रथम दृष्टया संदेहास्पद प्रतीत हो रहा है. उन्होंने आगाह करते हुए कहा कि सरकार के इशारे पर षड्यंत्र करने वाले पुलिस अधिकारी कान खोलकर सुन लें कि आम जनता को झूठे मामले में फंसा कर जेल भेजना जितना आसान है. उसे न्यायालय में साबित करना उतना ही मुश्किल है.
बेहतर होगा कि कानूनी दुष्परिणाम भुगतने से पहले ही लोगों को फंसाने से परहेज किया जाय. मरांडी ने कहा कि झारखंड की जनता कानून का सम्मान करती है और न्यायप्रिय है. जनता मुख्यमंत्री की तरह ग़लत काम करने और मुकदमेबाजी में न निपुण है और न ही मंहगे वकीलों के दम पर जांच एजेंसियों की जांच को लटकाने-भटकाने का प्रयास करती है.

