
उदित वाणी, रांची : प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सह नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने बड़ा आरोप लगाते हुए कहा कि राज्य में बड़े पैमाने पर अवैध कोयले का कारोबार हो रहा है. उन्होंने प्रदेश भाजपा कार्यालय में प्रेसवार्ता करते हुए कहा कि दिलचस्प पहलू यह है कि पहले कोल माफिया कोयले की चोरी करते थे और पुलिस को कमीशन देते थे. परंतु अब उल्टा हो गया है. अब पुलिस द्वारा ही कोयले के काले कारोबार को संचालित किया जा रहा है.
अब पुलिस प्रशासन और कोल माफिया साझेदारी में काम करते हैं. उन्होंने कहा कि धनबाद में तैनात शीर्ष पुलिस अधिकारी कोयला के कारोबार में लिप्त हैं और सीधे-सीधे इस धंधे को संचालित कर रहे हैं. धनबाद के निरसा, बाघमारा, झरिया अवैध कोयला व्यापार के क्षेत्र हैं. जिसमें 20-25 थाना व ओपी पड़ता है. इस क्षेत्र में 30-40 साइट से अवैध कोयला निकाला जाता है. उन्होंने कहा कि चर्चा है कि साइट प्राप्त करने के लिए हाउस का अनुमति आवश्यक है.
हाउस से फोन आने के बाद धनबाद एसएसपी साइट का अप्रूवल देते हैं. एसएसपी की मदद के लिए जमशेदपुर से रितेश व विकास समेत अन्य को बुलाया गया है. कोल माफिया से एडवांस के तौर पर एक करोड़ रूपये लिए जाते हैं. इन क्षेत्रों से प्रतिदिन 150-200 ट्रक कोयला निकाला जाता है और प्रतिटन 8 से 10 हजार रूपये हाउस तक पहुंचता है. इस अवैध कारोबार में “हाउस” महाराजा की भूमिका में होता है. जबकि एसएसपी प्रधान सेनापति और डीसी महामंत्री की भूमिका निभाते हैं.
एसएसपी-डीसी भी प्रॉफिट के हिस्सेदार हैं. जबकि इस धंधे में थाना प्रभारी, इंस्पेक्टर, डीएसपी, एसडीओ, ग्रामीण एसपी, खनन अधिकारी, अंचलाधिकारी का हिस्सा भी निर्धारित है. बाघमारा डीएसपी पुरुषोत्तम सिंह पूर्व में मुख्यमंत्री के सुरक्षा तैनात थे. अब वह धनबाद एसएसपी के दाहिना हाथ और इंस्पेक्टर अजीत सिंह बायां हाथ हैं. दोनों मिलकर इलाके के मालदार थानों की बोली लगाते है. बरौना, तेतुलमारी, जमुनिया राम कनाली इन तीन साइट्स को बाघमारा डीएसपी पुरुषोत्तम सिंह खुद संचालित करते हैं.
इसके अलावा जीना गोंडा, बरारी, अलगडीहा गणेश यादव के बेटा बीटू काम देखता है. सुदामडीह शेखर सिन्हा, गुलाम केशर आदि देखते हैं. नेता प्रतिपक्ष मरांडी ने कहा कि यदि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन इन आरोपों से सहमत नहीं हैं, तो इसकी उच्चस्तरीय जांच कराएं ताकि दूध का दूध और पानी का पानी हो सके. प्रेसवार्ता में मीडिया प्रभारी शिवपूजन पाठक, प्रवक्ता रमाकांत महतो भी उपस्थित थे.

