
उदित वाणी, रांची : बाबा बैद्यनाथ मंदिर में निकासी द्वार से जबरन गर्भगृह में घुसने के आरोप में दर्ज एफआईआर के बाद शनिवार को सांसद निशिकांत दूबे गिरफ्तारी देने के लिए बाबा मंदिर थाना पहुंचे. लेकिन थाना पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार नहीं किया. इस दौरान करीब आधे घंटे तक सांसद दूबे थाना में मौजूद थे और गिरफतारी नहीं होने पर वहां से लौट गए. पुलिस अधिकारियों ने बताया कि इस मामले में सीधी गिरफ्तारी का प्रावधान नहीं है. पहले आरोपी को तीन बार नोटिस जारी किया जाता है. उसके बाद ही आगे की कार्रवाई होती है. पुलिस ने यह भी बताया कि शनिवार होने के कारण कोर्ट बंद है और अब तक कोर्ट में एफआईआर की कॉपी भी नहीं पहुंची है. ज्ञात हो कि 2 अगस्त को बाबा मंदिर के निकासी द्वार से मंदिर में जबरन प्रवेश करने के मामले में गोड्डा के भाजपा सांसद निशिकांत दूबे, दिल्ली के सांसद मनोज तिवारी, कनिष्कांत दूबे, शेषाद्री दूबे, मनोज तिवारी के सचिव एवं अभयानंद झा पर एफआईआर दर्ज किया गया है. इसके बाद निशिकांत दूबे ने दिल्ली से घोषणा की थी कि वे शनिवार को देवघर जायेंगे और एयरपोर्ट से सीधे गिरफतारी देने थाना जायेगे. जबकि एफआईआर बाबा मंदिर थाना में पंडा धर्मरक्षिणी सभा के पूर्व महामंत्री कार्तिकनाथ ठाकुर के बयान पर दर्ज किया गया है. इसमें धार्मिक परंपरा में छेड़छाड़ व उत्पात मचाने, संरक्षा में तैनात पुलिसकर्मियों के साथ धक्कामुक्की करने समेत अन्य धाराएं लगाई गई है.
