
उदित वाणी, जमशेदपुर: इंदिरा गांधी स्टेडियम, नई दिल्ली में 25 से 27 अप्रैल 2025 तक आयोजित द्वितीय एशियाई योगासन खेल प्रतियोगिता में झारखंड के मलय कुमार डे ने निर्णायक की भूमिका निभाकर प्रदेश और देश को गौरवान्वित किया. प्रतियोगिता का उद्घाटन भारत सरकार के खेल एवं युवा मामलों के मंत्री मनसुख मांडविया एवं योग गुरु स्वामी रामदेव की उपस्थिति में दीप प्रज्वलन के साथ किया गया.
21 देशों की भागीदारी, भारत बना विजेता
प्रतियोगिता में एशिया के 21 देशों के प्रतिभागियों ने भाग लिया. भारत ने सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए कुल 87 पदक जीतकर पहला स्थान प्राप्त किया. इसमें 83 स्वर्ण, 3 रजत और 1 कांस्य पदक शामिल हैं.
निर्णायक बनने पर गर्व
मलय कुमार डे ने बताया, “मेरे लिए यह अत्यंत गौरव का विषय है कि मुझे अंतरराष्ट्रीय स्तर पर निर्णायक की भूमिका निभाने का सुअवसर प्राप्त हुआ.” वे पूर्व में खेलो इंडिया, राष्ट्रीय खेल प्रतियोगिताएं, ऑल इंडिया यूनिवर्सिटी गेम्स एवं ऑल इंडिया पुलिस गेम्स में भी निर्णायक की भूमिका निभा चुके हैं.
योगासन विकास में अग्रणी भूमिका
मलय कुमार डे वर्तमान में योगासन स्पोर्ट्स एसोसिएशन ऑफ झारखंड के तकनीकी प्रमुख, पूर्वी सिंहभूम जिला योगासन स्पोर्ट्स एसोसिएशन के सचिव के रूप में कार्यरत हैं.
सशक्त संगठनात्मक सहयोग
उनकी उपलब्धि पर अनेक संगठन व पदाधिकारियों ने शुभकामनाएं दीं, जिनमें शामिल हैं:
योगासन भारत के महासचिव जयदीप आर्य, अध्यक्ष उदय सेठ
एशियाई योगासन महासंघ के अध्यक्ष संजय मालपानी, सचिव उमंग धवन
योगासन स्पोर्ट्स एसोसिएशन ऑफ झारखंड के सचिव विपिन पांडे, कोषाध्यक्ष मनोज तिवारी, संयुक्त सचिव सुधा झा
पूर्वी सिंहभूम जिला इकाई के उपाध्यक्ष अर्जुन शर्मा, रवि शंकर नेवार, कोषाध्यक्ष ललिता शर्मा, संयुक्त सचिव प्रज्ञा पारोमिता चक्रवर्ती तथा अन्य सभी सदस्य.

