
उदित वाणी, रांची : झारखंड हाईकोर्ट के तत्वावधान में 3 व 4 जनवरी को राजधानी रांची के खेलगांव स्थित ठाकुर विश्वनाथ शाहदेव इंडोर स्टेडियम में ऑल इंडिया जजेज टुर्नामेंट आयोजित किया जायेगा. इस प्रतियोगिता में देश के विभिन्न नौ उच्च न्यायालयों के 30 से ज्यादा न्यायाधीश भाग लेंगे. प्रतियोगिता के दौरान चार श्रेणियों में मुकाबले आयोजित किए जायेंगे. मेन सिंगल, मेन डबल्स, वूमेन सिंगल्स और मिक्स्ड डबल्स में देशभर से आए न्यायाधीश अपने खेल कौशल का प्रदर्शन करेंगे.
टूर्नामेंट का उद्देश्य न्यायपालिका से जुड़े अधििकारियों के बीच खेल भावना, आपसी सौहार्द, स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता तथा सकारात्मक ऊर्जा को बढ़ावा देना है. झारखंड उच्च न्यायालय द्वारा इस प्रतियोगिता को सफल एवं सुचारु रूप से आयोजित करने को लेकर सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई है.
खेलगांव परिसर में अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप बैडमिंटन कोर्ट, खिलाड़ियों के विश्राम, चिकित्सा सुविधा, सुरक्षा व्यवस्था एवं अन्य आवश्यक बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराई गई है. टूर्नामेंट के समापन पर विजेता एवं उपविजेता खिलाड़ियों को सम्मानित किया जाएगा. रांची जिला प्रशासन द्वारा सभी प्रतिभागियों एवं आगंतुकों के लिए बेहतर व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई है.

