
उदित वाणी, जमशेदपुर: जरूरतमंदों की सेवा के उद्देश्य से सामाजिक सहयोग का एक सराहनीय उदाहरण सामने आया है। भारतीय जनता पार्टी युवा मोर्चा के नेता प्रिंस प्रताप सिंह एवं उनके साथियों कौशल सिंह, अभिषेक सिंह, आयुष सिंह और मोहम्मद दानिश अंसारी के प्रयासों से आलम वेलफेयर फाउंडेशन को तीन व्हीलचेयर प्रदान की गई हैं।
इन व्हीलचेयर को फाउंडेशन के माध्यम से उन लोगों तक पहुंचाया जाएगा, जिन्हें चलने-फिरने में दिक्कत है और जो आर्थिक रूप से उन्हें खुद से खरीदने में असमर्थ हैं।
फाउंडेशन के मुख्य संरक्षक सैयद तारिक आलम ने इस सहयोग के लिए सभी युवाओं का तहेदिल से आभार प्रकट किया है और इसे इंसानियत की सच्ची मिसाल बताया।
जिस किसी व्यक्ति को व्हीलचेयर की आवश्यकता हो, वह अपने आधार कार्ड की ज़ेरॉक्स कॉपी के साथ फाउंडेशन से संपर्क कर सकता है। जांच और प्राथमिकता के आधार पर व्हीलचेयर उपलब्ध कराई जाएगी।

