
उदित वाणी, जमशेदपुर: एथलेटिक्स फेडरेशन ऑफ इंडिया के सहयोग से आयोजित चतुर्थ टाटा स्टील इंडियन ओपन जेवलिन थ्रो प्रतियोगिता का समापन सोमवार को हो गया. इस प्रतियोगिता का शुभारंभ 8 मई रविवार को जेआरडी स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में हुआ था. पहली बार टाटा स्टील ने जेवलिन प्रतियोगिता की मेजबानी की है. कंपनी के खेल विभाग द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में देश भर के 68 प्रतिभागियों ने विभिन्न श्रेणियों- पुरुष, महिला, बॉयज अंडर -16, अंडर -18 और अंडर -20 और गर्ल्स अंडर -16, अंडर -18 और अंडर-20 में भाग लिया.
ओलंपियन अन्नू ने अपना रिकॉर्ड ही तोड़ा
प्रसिद्ध भारतीय जेवलिन थ्रो खिलाड़ी और ओलंपियन अन्नू रानी (उत्तर प्रदेश) ने पहले दिन का प्रदर्शन अपने नाम कर लिया क्योंकि उन्होंने महिलाओं (600 ग्राम) की भाला फेंक स्पर्धा में 63.82 मीटर के थ्रो के साथ अपने ही राष्ट्रीय रिकॉर्ड को तोड़ते हुए उसे और बेहतर बनाया.लड़कों के (800 ग्राम) अंडर -20 वर्ग में शीर्ष तीन थ्रोवर्स में मध्य प्रदेश के विवेक कुमार (68.67 मीटर) और हरियाणा के मनबीर सिंह (66.98 मीटर) थे. तीसरा स्थान झारखंड के आकाश यादव (62.72 मीटर) ने हासिल किया. लड़कियों के (500 ग्राम) अंडर-16 वर्ग में दिल्ली की दिशा ने 34.87 मीटर के थ्रो के साथ पहला स्थान हासिल किया, जबकि उत्तर प्रदेश की मुस्कान पटेल (34.30 मीटर) ने दूसरा स्थान हासिल किया. राजस्थान की तनीषा यादव 31.20 मीटर के थ्रो के साथ तीसरे स्थान पर रहीं. लड़कों के (700 ग्राम) अंडर-18 वर्ग में हरियाणा के यश ने 67.42 मीटर फेंक कर पहला स्थान हासिल किया, जबकि हिमांशु मिश्रा (66.40 मीटर) ने दूसरा स्थान हासिल किया. उत्तर प्रदेश के एस यादव 60.92 मीटर के थ्रो के साथ तीसरे स्थान पर रहे.

आयोजन के दूसरे दिन बॉयज अंडर-16, गर्ल्स अंडर-18, गर्ल्स अंडर-20 और पुरुषों जैसी श्रेणियों में प्रतियोगिताएं हुईं. समापन दिवस समारोह में डी बी सुंदरा रमम, वाइस प्रेसिडेंट, रॉ मैटेरियल, टाटा स्टील, आदिले जे सुमरीवाला, प्रेसिडेंट, एथलेटिक्स फेडरेशन ऑफ इंडिया सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे. उद्घाटन समारोह में चाणक्य चौधरी, वाइस प्रेसिडेंट कॉर्पोरेट सर्विसेज मुख्य अतिथि थे.

