
उदित वाणी, रांची : देवघर एम्स में 24 घंटे की आपातकालीन सेवा शुरू कर दी गई. गोड्डा के भाजपा सांसद डा निशिकांत दुबे ने 30 बेड के आधुनिक इमरजेंसी ब्लॉक का भी शुभारंभ किया और कहा कि यह सिर्फ इमारत नहीं, बल्कि एक जीवित संकल्प है. विकसित भारत 2047 की दिशा में एक और एक ठोस कदम है. इस अवसर पर उन्होंने बताया कि तीन महीनों में ट्रॉमा सेंटर और छह महीनों में ब्रेन हेमरेज व हृदय रोग संबंधी इलाज की सुविधायें भी देवघर एम्स में शुरू हो जायेगी.
वहीं एम्स के निदेशक डा सौरभ वार्ष्णेय ने जानकारी दी कि जल्द ही ब्रेन सर्जरी और हार्ट स्टेंट लगाने की सुविधा भी शुरू होगी. सांसद दूबे ने बताया कि नया इमरजेंसी ब्लॉक पूरी तरह अत्याधुनिक जीवन रक्षक उपकरणों से लैस है. 30 बेड में से 20 वेंटिलेटर, ऑक्सीजन मॉनिटर, डिफिब्रिलेटर समेत तमाम साधन मौजूद हैं. छाती में दर्द, खून की उल्टी, सांस लेने में तकलीफ, गंभीर जलन या गहरे घावों के ईलाज के लिए अब मरीजों को लंबे सफर नहीं करने पड़ेंगे.

