
उदित वाणी, रांची : कांग्रेस पार्टी संगठन सृजन अभियान के तहत झारखंड कांग्रेस के कई नेताओं को एआईसीसी ने महत्वपूर्ण जिम्मेवारी सौंपी है. एआईसीसी ने तेलंगाना, राजस्थान और छत्तीसगढ़ में जिला अध्यक्षों के चयन की प्रक्रिया को लेकर यह जिम्मेदारी दी है. जिसके तहत छत्तीसगढ़ के लिए पार्टी के वरिष्ठ नेता व पूर्व केंद्रीय मंत्री सुबोधकांत सहाय तथा झारखंड प्रदेश कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राजेश ठाकुर को पर्यवेक्षक नियुक्त किया है. दोनों नेता छत्तीसगढ़ कांग्रेस में संगठनात्मक ढांचे को मजबूत करने और योग्य जिला अध्यक्षों के चयन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे. इनके अलावा राजस्थान के लिए सांसद सुखदेव भगत, झारखंड विधानसभा में कांग्रेस विधायक दल के उप नेता राजेश कच्छप और कांग्रेस विधायक ममता देवी को पर्यवेक्षक की जिम्मेदारी सौंपी गई है. उक्त नेता राजस्थान में संगठनात्मक समीक्षा और जिला स्तर पर नेतृत्व चयन की प्रक्रिया में शामिल होंगे.

