
उदित वाणी, जमशेदपुर : परसुडीह थाना क्षेत्र के नामोटोला में 13 अगस्त की रात पति-पत्नी के बीच विवाद इतना बढ़ा कि पति ने पत्नी की हत्या कर दी और फिर खुद ट्रेन के नीचे आकर जान दे दी। मृतका की पहचान शिल्पी मुखर्जी के रूप में हुई है जबकि आत्महत्या करने वाला साहेब मुखर्जी बताया जा रहा है। इस सनसनीखेज घटना की जानकारी मकान मालिक को अगले दिन 14 अगस्त की सुबह करीब 7 बजे हुई। मकान मालिक ने तुरंत परसुडीह पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, साहेब मुखर्जी ने पहले पत्नी शिल्पी की हत्या की और फिर घर से निकलकर रेल ट्रैक पर जाकर आत्महत्या कर ली। मृतका शिल्पी के भाई सुमित कुमार के बयान पर परसुडीह थाना में साहेब मुखर्जी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया गया है।
जांच में यह बात सामने आ रही है कि दंपति के बीच लंबे समय से अनबन चल रही थी, जो इस वारदात की वजह बन सकती है। पुलिस ने शिल्पी का शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की तहकीकात की जा रही है।
इलाके में घटना के बाद सनसनी का माहौल है। पड़ोसियों ने बताया कि दोनों सामान्य दिखते थे, लेकिन कभी-कभी उनके बीच झगड़े की आवाज सुनाई देती थी। पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है। परसुडीह थाना प्रभारी ने कहा कि मृतका के परिजनों के बयान दर्ज कर लिए गए हैं और घटनास्थल से जुटाए गए साक्ष्यों का परीक्षण किया जा रहा है।
यह दर्दनाक वारदात एक बार फिर घरेलू कलह से उपजे खतरनाक परिणाम की तस्वीर पेश करती है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं पूरे इलाके में इस घटना की चर्चा बनी हुई है।

