
उदित वाणी, आदित्यपुर : विश्व रेबीज़ जागरूकता दिवस के अवसर पर आदित्यपुर नगर निगम द्वारा अटल पॉर्क में स्वास्थ्य शिविर आहूत किया गया, जिसमें रेबीज़ के संबंध में विस्तृत जानकारी दी गई. वहीं, शिविर के माध्यम से स्थानीय नागरिकों को रेबीज़ रोग के प्रति जागरूक भी किया गया. शिविर में शामिल चिकित्सा विशेषज्ञों ने बताया कि यह रोग कुत्ते अथवा अन्य संक्रमित पशु के काटने पर होता है. परन्तु समय पर टीकाकरण एवं उचित उपचार से इससे बचाव संभव है.
शिविर में ननि के द्वारा चलाए जा रहे एबीसी प्रोग्राम के संबंध मे विस्तृत जानकारी देते हुए सभी लोगों को अपने पालतू कुत्तों को समय पर टीका दिलवाने के लिए जागरूक किया गया. साथ हीं बताया गया कि कुत्ते के काटने की स्थिति में जल्द से जल्द (24 घंटे) के अंदर अपने नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र से टीका लगवाना सुनिश्चित करें, अथवा यह जानलेवा हो सकता है. वहीं, उपस्थित लोगों को विस्तृत जानकारी, परामर्श एवं आवश्यक मार्गदर्शन प्रदान कर सतर्क एवं सुरक्षित रहने हेतु प्रेरित भी किया गया.

