
उदित वाणी, आदित्यपुर: आदित्यपुर नगर निगम क्षेत्र अंतर्गत कल्पनापुरी और अशोक विहार कॉलोनी के करीब 25 घरों में बरसात का पानी घुस गया है. परिणास्वरुप स्थानीय लोगों को काफी परेशानियाँ झेलनी पड़ी. वहीं, उक्त घरों में रखा हुआ समान, अनाज, दवा भी बर्बाद हो गया है. घटना आज तड़के लगभग तीन बजे की बतायी जाती है. स्थानीय लोग इसके लिए आदित्यपुर नगर निगम की लापरवाही को जिम्मेवार मान रहे हैं.
नाला जाम, ओवर फ्लो होकर मकानों के घुसा पानी
स्थानीय लोगों का आरोप है कि एनआईटी और इच्छापुर बस्ती की ओर से आने वाला जाम है. नाला जाम रहने के कारण नाला का पानी ओवर फ्लो करते हुए मकानों के अन्दर घुस गया है. अगर नगर निगम प्रशासन द्वारा जाम पड़े उक्त नाला की समुचित साफ-सफाई कराई गई होती, तो परेशानी खड़ी नहीं होती. जबकि नगर निगम द्वारा बरसात से पूर्व ननि क्षेत्र के सभी बड़े नालों की सफाई कराने की बात कही थी.
बारिश के कारण अस्त-व्यस्त हुआ आम जनजीवन
पिछले दो दिनों से लगातार हो रही बारिश के कारण सामान्य जन-जीवन बुरी तरह से प्रभावित हुआ है. वारिश के कारण ननि क्षेत्र के प्रायः सभी इलाकों में स्थित आवासीय परिसर के सड़कों पर जल-जमाव देखने को मिल रहा है. वहीं, आम लोग भी अपने-अपने घरों में दुबके हुए हैं. वारिश के कारण बाजारों में भी सन्नाटा पसरा है तथा आम लोगों की आवाजाही नगण्य है.
डीसी ने समीपवर्ती क्षेत्रों में सतर्कता बढ़ाने का निदेश दिया
लगातार हो रही बारिश और मौसम में आए बदलाव को देखते हुए जिला दण्डाधिकारी सह उपायुक्त नीतिश कुमार सिंह द्वारा आज जिला एवं प्रखंड स्तरीय पदाधिकारियों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से आपातकालीन समीक्षा बैठक की गई. और संभावित जलभराव और बाढ़ की स्थिति से निपटने की तैयारियों की जानकारी प्राप्त की गई. उन्होंने चाँडिल, सीतारामपुर डैम, गजिया बराज और आदित्यपुर के समीपवर्ती गाँवों में सतर्कता बढ़ाने और सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने का निदेश दिया. उपायुक्त ने संभावित रूप से प्रभावित परिवारों को सुरक्षित स्थानों पर स्थानांतरित करने की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित का निदेश भी दिया. उपायुक्त ने सभी क्षेत्रीय अधिकारियों को विभिन्न डैमों के जलस्तर की निगरानी करने का निदेश दिया तथा अगर गेट खोले जाने की स्थिति उत्पन्न हो, तो उससे प्रभावित संभावित क्षेत्रों में समुचित तैयारी पूर्व से सुनिश्चित की जाए. साथ ही, आमजन को समय रहते सूचना देने एवं सचेत करने हेतु व्यापक प्रचार-प्रसार अभियान चलाने का भी निर्देश दिया गया.
संभावित आपदा के पूर्व सुनिश्तित हो संवेदनशील क्षेत्रों में कार्रवाईः डीसी
उन्होंने संभावित आपदा के पूर्व ही संवेदनशील क्षेत्रों में कार्रवाई सुनिश्चित करने का स्पष्ट निदेश दिया. और सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचलाधिकारी, नगर निकाय क्षेत्र के कार्यपालक पदाधिकारी एवं मजिस्ट्रेटों को निर्देशित किया गया कि जो पदाधिकारी अवकाश पर हैं अथवा मुख्यालय से बाहर हैं, वे अविलंब योगदान करें. बिना सक्षम स्वीकृति की कोई भी पदाधिकारी मुख्यालय से अनुपस्थित नहीं रहेंगे. उन्होंने दोहराया कि किसी भी प्रकार की लापरवाही अथवा उदासीनता क्षम्य नहीं होगी. सभी क्षेत्रीय पदाधिकारी नियमित क्षेत्र भ्रमण कर स्थिति का सतत अवलोकन करें एवं अद्यतन स्थिति से जिला मुख्यालय को अविलंब अवगत कराएं.

